बुमराह ने रचा इतिहास, वसीम अकरम-वकार यूनुस को पछाड़कर बने SENA में सबसे सफल एशियाई गेंदबाज
लीड्स टेस्ट में जसप्रीत बुमराह का जलवा सिर्फ इंग्लैंड की बल्लेबाजी को नहीं तोड़ रहा, बल्कि रिकॉर्ड बुक को भी हिला रहा है। इंग्लैंड के खिलाफ शानदार गेंदबाजी करते हुए उन्होंने जैक क्रॉली और बेन डकेट के विकेट झटककर एक ऐतिहासिक कीर्तिमान अपने नाम कर लिया। बुमराह अब SENA देशों (साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया) में सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट लेने वाले एशियाई गेंदबाज बन चुके हैं।
इस मुकाम तक पहुंचने के लिए उन्होंने पाकिस्तान के दिग्गज वसीम अकरम को पीछे छोड़ा, जिनके नाम इन देशों में 146 विकेट थे। बुमराह अब 147 विकेट के साथ इस सूची में शीर्ष पर हैं, और उन्होंने यह कारनामा सिर्फ 20.99 की शानदार औसत से किया है, जो अकरम के 24.11 के औसत से बेहतर है। इसके अलावा इस खास क्लब में भारत के अनिल कुंबले (141 विकेट) भी शामिल हैं।
इतना ही नहीं, बुमराह ने वकार यूनुस का एक और बड़ा रिकॉर्ड तोड़ते हुए विदेशी टेस्ट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले एशियाई गेंदबाजों की लिस्ट में 5वां स्थान हासिल कर लिया है। बुमराह के अब विदेशी टेस्ट में 160 विकेट हैं, जबकि वकार के नाम 158 विकेट थे।
बुमराह की इस सफलता ने न सिर्फ भारतीय गेंदबाजी परंपरा को गौरवान्वित किया है, बल्कि उन्हें आधुनिक क्रिकेट के सबसे खतरनाक तेज गेंदबाजों में भी स्थापित कर दिया है। लीड्स टेस्ट में बुमराह का प्रदर्शन ये संकेत देता है कि आने वाले समय में वह और भी कई रिकॉर्ड्स को अपने नाम कर सकते हैं।
Share this content:
