UP BJP निकालेगी ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा: वरिष्ठ नेताओं को सौंपी गई कमान

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश में ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत तीन से पांच नवंबर तक विभिन्न जिलों में पदयात्राएं निकालेगी। इन पदयात्राओं के जरिए पार्टी जनता के बीच पहुंचकर अपने राजनीतिक अभियान और विपक्ष की नीतियों को लेकर अपना पक्ष रखेगी। अभियान के तहत भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, शिवराज सिंह चौहान और जयंत चौधरी सहित प्रदेश सरकार के दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं ब्रजेश पाठक पदयात्राओं का नेतृत्व करेंगे। प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह भी विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

3 नवंबर को लखनऊ और बरेली में निकलेगी पदयात्रा

प्रदेश महामंत्री एवं अभियान प्रभारी दिलीप पटेल ने बताया कि तीन नवंबर को राजधानी लखनऊ में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह पदयात्रा का नेतृत्व करेंगे। इसी दिन बरेली में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री और भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य तथा केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी के नेतृत्व में पदयात्रा निकाली जाएगी। दिलीप पटेल के मुताबिक, इन पदयात्राओं के माध्यम से भाजपा विपक्ष के राजनीतिक एजेंडे और उसके कथित दोहरे मापदंड को जनता के बीच उठाएगी।

4 नवंबर को गोरखपुर, प्रयागराज और कानपुर में कार्यक्रम

अभियान के अगले चरण में चार नवंबर को गोरखपुर में बड़ी पदयात्रा आयोजित की जाएगी। इसका नेतृत्व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी करेंगे। पार्टी इस पदयात्रा के माध्यम से लोकतंत्र की रक्षा और अराजकता के खिलाफ अपना संकल्प जनता तक पहुंचाएगी। इसी दिन प्रयागराज में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य तथा कानपुर में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के नेतृत्व में भी पदयात्राएं निकाली जाएंगी। इन कार्यक्रमों के जरिए पार्टी अपने अभियान को प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचाने की तैयारी में है।

5 नवंबर को गाजियाबाद में सीएम योगी करेंगे नेतृत्व

पदयात्रा अभियान के अंतिम घोषित चरण में पांच नवंबर को गाजियाबाद में कार्यक्रम आयोजित होगा। यहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पदयात्रा का नेतृत्व करेंगे। अभियान प्रभारी दिलीप पटेल ने बताया कि इस पदयात्रा के जरिए भाजपा विपक्ष की राजनीति, सत्ता परिवर्तन के एजेंडे और देश की स्थिरता से जुड़े मुद्दों पर जनता के बीच अपना पक्ष रखेगी। पार्टी का आरोप है कि विपक्ष की राजनीति से देश की स्थिरता प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है। भाजपा इन मुद्दों को पदयात्रा के माध्यम से जनता के सामने उठाएगी।

Share this content:

About The Author

You may have missed