बिग बॉस 19 के घर में अब रिश्तों की परीक्षा शुरू हो चुकी है। सलमान खान की सलाह के बाद सिंगर अमाल मलिक और तान्या मित्तल के बीच बढ़ती दूरी अब खुलकर सबके सामने आ गई है। शो के ताजा एपिसोड में हुए राशन टास्क के दौरान अमाल ने तान्या पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उनकी ‘सच्चाई और अच्छाई’ सिर्फ एक प्रोपेगेंडा है। इस बयान से न सिर्फ घर का माहौल बिगड़ा बल्कि तान्या भी भावुक हो गईं।
दरअसल, शो के मेकर्स ने हाल ही में जारी प्रोमो में दिखाया कि राशन टास्क के दौरान कंटेस्टेंट्स को ब्लैंक्स भरने का गेम खेलना था। इसी बीच अमाल ने टास्क करते हुए तान्या के बारे में बात की और कहा कि उन्हें नहीं लगता कि तान्या एक सच्ची इंसान हैं। उन्होंने आगे कहा, “आपने जो सच्चाई और अच्छाई का प्रोपेगेंडा फैलाया है, वह झूठ है। शायद आपने सिर्फ दोस्ती का नाटक किया।” इस पर तान्या ने भावुक होकर जवाब दिया, “सही देख रहा है ना, बिल्कुल सच्ची नहीं लगी कभी तुझे?” अमाल ने कहा, “हां, बिल्कुल सही देख रहा हूं।”
अमाल की इन बातों से तान्या का दिल टूट गया। टास्क खत्म होने के बाद तान्या अकेले बैठी रोती हुई नजर आईं। दर्शकों ने भी सोशल मीडिया पर इस झगड़े पर अपनी प्रतिक्रियाएं दीं — कुछ लोगों ने अमाल के स्टैंड को सही बताया तो कुछ ने तान्या के लिए सहानुभूति जताई। गौरतलब है कि शो की शुरुआत में दोनों के बीच गहरी दोस्ती देखने को मिली थी।
सलमान खान ने वीकेंड का वार में अमाल को चेतावनी दी थी कि वह “कानों के कच्चे” हैं और दूसरों की बातों में जल्दी आ जाते हैं। इसके बाद से ही अमाल ने तान्या से दूरी बना ली थी। अब राशन टास्क ने दोनों के रिश्ते में दरार को और गहरा कर दिया है।
बिग बॉस 19 अब धीरे-धीरे अपने दिलचस्प मोड़ पर पहुंच रहा है। अमाल और तान्या की यह दुश्मनी आने वाले एपिसोड्स में शो के गेम को किस दिशा में ले जाएगी, यह देखना बाकी है। दर्शक अब इंतजार कर रहे हैं कि क्या इन दोनों के बीच सुलह होगी या यह रिश्ता हमेशा के लिए खत्म हो चुका है।
Share this content:
