April 24, 2026

Bigg Boss 19: कैप्टेंसी टास्क में बसीर-अभिषेक के बीच भिड़ंत, लेकिन बाजी किसी और ने मारी

बिग बॉस 19 में इस हफ्ते कैप्टेंसी टास्क को लेकर जबरदस्त ड्रामा देखने को मिलेगा। हर सीजन की तरह इस बार भी कैप्टन बनने की जंग आसान नहीं है। मेकर्स ने घरवालों को दो टीमों में बांटकर नया टास्क दिया, जिसमें घर के सदस्यों को जीत हासिल करने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंकनी होगी। इसी दौरान अभिषेक बजाज और बसीर अली के बीच गहमागहमी इतनी बढ़ जाती है कि घर का माहौल पूरी तरह से बिगड़ जाता है।

प्रोमो वीडियो में साफ दिख रहा है कि अभिषेक बोर्ड पर कुछ लिख रहे होते हैं, तभी बसीर उसे खींचने की कोशिश करते हैं। इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो जाती है और मामला हाथापाई की नौबत तक पहुंच जाता है। अभिषेक बसीर को रोकने के लिए हाथों का इस्तेमाल करते हैं, जिस पर बसीर भड़क जाते हैं। इसके बाद दोनों के बीच जमकर तू-तू मैं-मैं होती है। बसीर अपनी शर्ट उतारकर भिड़ने को तैयार हो जाते हैं और यहां तक कि टास्क का बोर्ड भी पूल में फेंक देते हैं।

हालांकि इन दोनों की झगड़ालू अदाओं का फायदा उन्हें नहीं मिलने वाला। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस हफ्ते का कैप्टेंसी टास्क जीतने वाला कंटेस्टेंट न तो अभिषेक होगा और न ही बसीर। बल्कि घरवाले आपसी सहमति से अमाल मलिक को नया कप्तान चुनेंगे। अमाल और मृदुल तिवारी के बीच वोटिंग होती है, लेकिन अंत में सबकी राय अमाल के पक्ष में चली जाती है।

गौरतलब है कि इससे पहले कुनिका सदानंद और बसीर अली कैप्टन बन चुके हैं। ऐसे में अब अमाल मलिक की कप्तानी में घर का नया हफ्ता कैसा गुजरता है, ये देखना दिलचस्प होगा। वहीं अभिषेक और बसीर की यह तकरार आने वाले दिनों में घर के माहौल को और भी गरमा सकती है।

बिग बॉस 19 का हर एपिसोड इस समय दर्शकों को भरपूर मसाला दे रहा है। झगड़े, रणनीति और दोस्ती-दुश्मनी के खेल के बीच कैप्टेंसी की लड़ाई हमेशा सबसे अहम मानी जाती है। अब देखना होगा कि अमाल अपनी कप्तानी में घर को कितनी अच्छी तरह से संभाल पाते हैं और बाकी घरवाले उनके फैसलों को किस तरह से चुनौती देते हैं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!