Ayesha Jhulka Birthday: ‘पहला नशा’ की आयशा जुल्का आज कहां हैं? जानिए 90 के दशक की इस सुपरहिट एक्ट्रेस की आज की लाइफ
90 के दशक में जब रोमांस और मासूमियत परदे पर छाया हुआ था, तब एक चेहरा हर दर्शक के दिल में उतर गया—आयशा जुल्का। ‘जो जीता वही सिकंदर’ में आमिर खान के साथ ‘पहला नशा’ गाने में उनका मासूम और मोहक अंदाज़ आज भी याद किया जाता है। लेकिन एक दौर के बाद जैसे ही बॉलीवुड का ट्रेंड बदला, कई स्टार्स की तरह आयशा भी लाइमलाइट से दूर होती चली गईं। अब एक बार फिर उनके जन्मदिन पर फैंस जानना चाहते हैं कि आज वो कहां हैं और क्या कर रही हैं?
28 जुलाई 1972 को श्रीनगर में जन्मीं आयशा जुल्का के पिता एयरफोर्स में विंग कमांडर थे और मां कॉस्ट्यूम डिज़ाइनर थीं। बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट उन्होंने 1983 में ‘कैसे कैसे लोग’ से करियर शुरू किया था। 1990 में तेलुगु फिल्म ‘नेती सिद्धार्थ’ से बड़े पर्दे पर एंट्री ली और फिर 1991 में सलमान खान के साथ ‘कुर्बान’ से हिंदी फिल्मों में कदम रखा। इसके बाद ‘जो जीता वही सिकंदर’, ‘खिलाड़ी’, ‘बलब्रहमचारी’ और ‘वक्त का दरोगा’ जैसी फिल्मों में उन्होंने लीड एक्ट्रेस के तौर पर काम किया और हर बार अपनी सादगी से लोगों को दीवाना बना लिया।
2000 के बाद आयशा फिल्मों से लगभग गायब हो गईं। हालांकि, उन्होंने पूरी तरह इंडस्ट्री को अलविदा नहीं कहा। कुछ सालों बाद वह डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दिखाई दीं और हाल ही में ‘हश हश’ नाम की वेब सीरीज में भी उन्होंने अहम किरदार निभाया। इसके अलावा, आयशा अब एक बिजनेसवुमन भी हैं। वह अपने पति समीर वाशी के साथ एक कंस्ट्रक्शन कंपनी चलाती हैं और सोशल वर्क में भी एक्टिव रहती हैं।
हालांकि फिल्मों में अब उनकी मौजूदगी कम हो गई है, लेकिन सोशल मीडिया और इवेंट्स में वे कभी-कभार दिखाई देती हैं। आयशा का मानना है कि स्टारडम से ज्यादा संतोष और आत्मसम्मान ज़रूरी है। जन्मदिन के मौके पर फैंस आज भी उन्हें ‘पहला नशा’ वाली हीरोइन के रूप में याद करते हैं—जो अपने दौर की सबसे मासूम और खूबसूरत चेहरों में से एक थी।
Share this content:
