इंग्लैंड बना लगातार दूसरी बार यूरोपियन चैंपियन, फाइनल में स्पेन को हराया
यूरो 2025 के फाइनल में इंग्लैंड की महिला फुटबॉल टीम ने एक बार फिर अपना लोहा मनवाया और पेनल्टी शूटआउट में स्पेन को 3-1 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ इंग्लैंड ने न केवल यूरोपियन महिला फुटबॉल में अपना दबदबा कायम रखा, बल्कि फीफा महिला वर्ल्ड कप 2023 के फाइनल में स्पेन से मिली हार का बदला भी चुका लिया।
फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जिसकी शुरुआत में स्पेन ने आक्रामक रुख अपनाया। 25वें मिनट में मैरियोना काल्डेन्ते ने शानदार हेडर के जरिए गोल करते हुए स्पेन को 1-0 की बढ़त दिला दी। हालांकि, इंग्लैंड ने दूसरे हाफ में खेल में वापसी की और 57वें मिनट में एलेसिया रुस्सो ने बराबरी का गोल दागा। इसके बाद दोनों टीमों के बीच निर्धारित और अतिरिक्त समय तक कोई गोल नहीं हो सका।
पेनल्टी शूटआउट में इंग्लैंड की गोलकीपर हन्ना हैम्पटन ने कमाल का प्रदर्शन किया। उन्होंने स्पेन की दो पेनल्टी किक्स को रोककर अपनी टीम को खिताबी जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। खास बात यह रही कि इनमें एक पेनल्टी स्पेन की स्टार खिलाड़ी ऐताना बोनमाटी की थी, जिन्हें टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी भी घोषित किया गया।
स्पेन की टीम इस मुकाबले को जीतकर फीफा वर्ल्ड कप 2023 और UEFA नेशंस लीग 2024 के बाद अपनी खिताबी हैट्रिक पूरी करना चाहती थी, लेकिन इंग्लैंड की मजबूत रणनीति और गोलकीपिंग ने उनके सपनों को चकनाचूर कर दिया।
हार के बाद स्पेन की ऐताना बोनमाटी ने कहा कि भले ही वे टूर्नामेंट की सबसे अच्छी टीम थीं, लेकिन सिर्फ बेहतर खेल ही जीत की गारंटी नहीं होता। उन्होंने यह भी कहा कि अब उनकी टीम की नजरें 2027 में ब्राजील में होने वाले अगले फीफा महिला वर्ल्ड कप पर टिकी हैं।
Share this content:
