तृप्ति डिमरी को क्यों सता रहा है डर? 900 करोड़ की सुपरहिट देने के बाद भी आउटसाइडर होने का दर्द
बॉलीवुड की उभरती स्टार तृप्ति डिमरी हाल ही में अपने एक इंटरव्यू को लेकर सुर्खियों में हैं, जिसमें उन्होंने इंडस्ट्री में एक आउटसाइडर के संघर्षों पर खुलकर बात की है। ‘एनिमल’ जैसी 900 करोड़ कमाने वाली फिल्म में रणबीर कपूर के साथ नजर आ चुकीं तृप्ति ने बताया कि आउटसाइडर्स के लिए बॉलीवुड में अपनी जगह बनाए रखना कितना मुश्किल होता है। उनके मुताबिक, इंडस्ट्री में अगर आपकी दो फिल्में नहीं चलीं तो आपका करियर खतरे में पड़ सकता है।
तृप्ति डिमरी ने कहा कि “एक आउटसाइडर को बार-बार मौके नहीं मिलते। अगर एक फिल्म के बाद दूसरी मिल भी गई, तो तीसरी मिलेगी या नहीं, यह तय नहीं होता।” उन्होंने माना कि ऐसे कलाकारों को हर बार खुद को साबित करना पड़ता है और थोड़ी सी चूक पर उन्हें नजरअंदाज कर दिया जाता है। तृप्ति का मानना है कि निरंतर मेहनत, आत्मविश्वास और अपने किरदार में डूबकर ही इस लड़ाई को लड़ा जा सकता है।
साल 2024 में तृप्ति तीन फिल्मों में लीड रोल में दिखीं—‘बैड न्यूज’ में विक्की कौशल के साथ, ‘भूलभुलैया 3’ में कार्तिक आर्यन के साथ और ‘विकी और विद्या का वो वाला वीडियो’ में राजकुमार राव के साथ। हालांकि, एनिमल के बाद उनके किसी प्रोजेक्ट ने वैसी धमाकेदार कमाई नहीं की। अब उनकी अगली फिल्म ‘धड़क 2’ 1 अगस्त 2025 को रिलीज होने जा रही है, और प्रभास की मेगा फिल्म ‘स्पिरिट’ में भी वह अहम किरदार में नजर आएंगी। तृप्ति को अब भी उम्मीद है कि उनके आगे के प्रोजेक्ट्स उन्हें इंडस्ट्री में मजबूती देंगे।
Share this content:
