April 19, 2026

बेंगलुरु में युवती के साथ दिनदहाड़े छेड़छाड़ और मारपीट, सीसीटीवी में कैद हुई शर्मनाक वारदात

बेंगलुरु के बाहरी इलाके आनेकल तालुका के मैलसंद्रा इलाके में एक 25 वर्षीय युवती के साथ सड़क पर खुलेआम छेड़छाड़ और मारपीट का मामला सामने आया है। घटना रविवार शाम की है और इसका सीसीटीवी वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।

घटना उस समय हुई जब युवती शाम करीब 4 बजे किराने का सामान लेने निकली थी। तभी गांजा और पेंट सॉल्वेंट के नशे में धुत 4-5 युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने जबरन उसे छूने और अश्लील हरकतें करने की कोशिश की। युवती ने जैसे ही विरोध किया, वे उसके साथ मारपीट पर उतर आए।

जान बचाने के लिए युवती घर की ओर भागी, लेकिन आरोपी वहीं नहीं रुके। उन्होंने उसके घर में घुसने की कोशिश की और मोहल्ले में स्थानीय लोगों पर भी हमला किया जो पीड़िता की मदद के लिए आगे आए थे। पूरा मामला इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गया है।

पीड़िता ने बताया, “वे लोग गांजे के नशे में थे, मुझे अकेली देखकर छेड़ने लगे। मैंने विरोध किया, तो मुझे मारा गया। स्थानीय लोगों ने मेरी मदद की, लेकिन उन्होंने उन पर भी हमला कर दिया।” युवती के अनुसार आरोपी पास के ही इलाके में रहने वाले हैं।

पुलिस कार्रवाई
पुलिस ने मामले में एक मुख्य आरोपी को अरेस्ट किया है जो मारपीट के दौरान घायल हुआ था और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती था। बाकी आरोपियों की तलाश जारी है। हालांकि मुख्य आरोपी के परिवार की ओर से पीड़िता के जिम ट्रेनर मित्र पर भी एक अलग एफआईआर दर्ज कराई गई है, जिससे मामला और उलझ गया है।

फिलहाल बन्नेरघट्टा पुलिस थाने में दो एफआईआर दर्ज की गई हैं और पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। स्थानीय लोग इस घटना के बाद इलाके में महिला सुरक्षा को लेकर नाराज हैं और आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!