May 5, 2026

मुंबई फिल्म सिटी में ‘अनुपमा’ के सेट पर भीषण आग, करोड़ों का नुकसान, कोई हताहत नहीं

टीवी का सबसे चर्चित और नंबर वन शो ‘अनुपमा’ सोमवार सुबह एक बड़े हादसे का शिकार हो गया। मुंबई के गोरेगांव स्थित फिल्म सिटी में बने इस शो के सेट पर अचानक भीषण आग लग गई। यह घटना सुबह करीब 5 बजे की है, जब सेट पर केवल सिक्योरिटी और कुछ टेक्निकल स्टाफ मौजूद थे।

फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि आग के वक्त न तो कोई कलाकार सेट पर मौजूद था और न ही कोई हताहत हुआ। हालांकि, आग इतनी तेज थी कि पूरा सेट जलकर खाक हो गया और लाखों-करोड़ों रुपये का नुकसान बताया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि यह आग ‘अनुपमा’ के उस सेट पर लगी, जो फिल्म सिटी ऑफिस के पास है। इस सेट के पास ही अमर उपाध्याय के शो ‘डोरी’ का सेट भी था, लेकिन उसे किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचा। आग लगने की वजह अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन बिजली के शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।

यह पहला मौका नहीं है जब किसी टीवी सीरियल के सेट पर आग लगी हो। इससे पहले 2023 में ‘गुम है किसी के प्यार में’ सीरियल के सेट पर भी इसी तरह की आग लग चुकी है। वहीं ‘अनुपमा’ के दूसरे सेट पर छह महीने पहले एक कैमरा असिस्टेंट की करंट लगने से मौत भी हो चुकी है।

राजन शाही द्वारा प्रोड्यूस किया गया यह शो 5 सालों से दर्शकों का फेवरेट बना हुआ है और रुपाली गांगुली के शानदार अभिनय की बदौलत टीआरपी लिस्ट में लगातार टॉप पर रहता है। ऐसे में इस आग से प्रोडक्शन को भारी नुकसान और अस्थायी रुकावट का सामना करना पड़ सकता है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!