दिलजीत दोसांझ की ‘सरदार जी 3’ में हानिया आमिर ही नहीं, ये तीन पाकिस्तानी एक्टर्स भी आए नजर, भारत में रिलीज नहीं होगी फिल्म
दिलजीत दोसांझ की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘सरदार जी 3’ इन दिनों विवादों में है। फिल्म के ट्रेलर में जब दर्शकों ने पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर को देखा, तो सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई। लेकिन बात सिर्फ हानिया तक सीमित नहीं है। फिल्म में नासिर चिन्योति, डेनियल खावर और सलीम अलबेला जैसे तीन और पाकिस्तानी एक्टर्स भी नजर आएंगे।
भारत सरकार द्वारा पाकिस्तानी कलाकारों पर प्रतिबंध लगाए जाने के चलते ‘सरदार जी 3’ भारत में रिलीज नहीं होगी। जानकारी के मुताबिक यह फैसला 22 अप्रैल 2025 को कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद लिया गया था।
दिलजीत दोसांझ ने इस फिल्म का ट्रेलर खुद अपने सोशल मीडिया हैंडल पर जारी किया है, हालांकि यह यूट्यूब इंडिया पर उपलब्ध नहीं है। ट्रेलर में रोमांस, एक्शन, हॉरर और कॉमेडी का पूरा मसाला देखने को मिला है, जो दर्शकों को इंटरनेशनल स्तर पर आकर्षित कर सकता है।
फिल्म 27 जून को ओवरसीज सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी। भारत में दिलजीत के फैंस को निराशा जरूर होगी क्योंकि वे इसे थिएटर में नहीं देख पाएंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म की ज्यादातर शूटिंग बैन लागू होने से पहले ही पूरी हो चुकी थी, इसलिए इसमें पाकिस्तानी एक्टर्स की मौजूदगी बनी रही।
Share this content:
