अमरोहा में लड़कियों की तस्करी का खुलासा, मौलाना के इशारे पर करता था सप्लाई, वीडियो वायरल
उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो ने पुलिस-प्रशासन को भी सकते में डाल दिया है। वीडियो में एक युवक न सिर्फ यह कबूल करता दिखाई दे रहा है कि वह लड़कियों को सप्लाई करता है, बल्कि यह भी कह रहा है कि वह यह सब एक मौलाना के कहने पर करता है। यह मामला अमरोहा के बछरायूं थाना क्षेत्र के लख्मिया गांव से जुड़ा हुआ है, जहां एक नाबालिग लड़की के साथ पकड़े गए युवक से पूछताछ में यह बड़ा खुलासा हुआ है।
वीडियो में नजर आ रहा युवक खुद को गजरौला क्षेत्र के खाद गुजर गांव का निवासी निजामुद्दीन बता रहा है। वह खुले तौर पर यह स्वीकार करता है कि वह लड़कियों को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाता है और फिर उन्हें बाहर सप्लाई करता है। उसने यह भी कहा कि यह सब वह किसी मौलाना के इशारे पर करता है और उसके इस काम में कई अन्य लोग भी शामिल हैं। ग्रामीणों द्वारा पकड़े जाने के बाद युवक ने दावा किया कि जिस लड़की के साथ वह था, वह उसकी प्रेमिका नहीं है, बल्कि वह उसे भी कहीं ले जा रहा था।
जानकारी के मुताबिक, ग्रामीणों को युवक की गतिविधियों पर शक हुआ तो उन्होंने उसे रोका और पकड़ा, जिसके बाद उसकी पिटाई भी की गई। तभी यह वीडियो बनाया गया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस तुरंत हरकत में आई और आरोपी निजामुद्दीन को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी गई।
अमरोहा के अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश भदौरिया ने बताया कि युवक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वीडियो में जो आरोप लगाए गए हैं, वे कितने सही हैं और इसके पीछे कौन-कौन लोग सक्रिय हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या मौलाना वाकई इस नेटवर्क का हिस्सा है और क्या यह किसी बड़े मानव तस्करी रैकेट से जुड़ा मामला हो सकता है।
फिलहाल आरोपी को हिरासत में लेकर उससे लगातार पूछताछ की जा रही है। साथ ही उस नाबालिग लड़की के परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है, जिसे युवक भगाकर ले जाने की कोशिश कर रहा था। वीडियो और बयान के आधार पर इस पूरे मामले की तह तक जाने के लिए पुलिस हर पहलू को खंगाल रही है। शुरुआती जांच में यह संकेत मिल रहे हैं कि यह मामला केवल एक युवक का नहीं बल्कि एक संगठित गिरोह का हिस्सा हो सकता है जो लड़कियों को प्रेम जाल में फंसाकर बेचने का घिनौना कारोबार कर रहा है।
Share this content:
