अलीगढ़: करवाचौथ की रात 12 लुटेरी दुल्हनें लाखों का माल लेकर फरार, बिहार से आई थीं सभी दुल्हनें

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में करवाचौथ के मौके पर ऐसा हैरान कर देने वाला मामला सामने आया जिसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया। यहां 12 लुटेरी दुल्हनों ने करवाचौथ की रात पतियों के हाथों पानी पीकर व्रत खोला और उसी रात लाखों रुपये नकदी व जेवरात लेकर फरार हो गईं। सभी दुल्हनें बिहार से ब्याह कर अलीगढ़ आई थीं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और कई टीमें बिहार भेजी गई हैं ताकि इस संगठित गैंग का पर्दाफाश किया जा सके।

जानकारी के मुताबिक, 9 और 10 अक्टूबर को अलीगढ़ शहर और इगलास कस्बे में 12 शादियां हुई थीं, जिनमें सभी दुल्हनें बिहार से लाई गई थीं। बताया गया कि इगलास निवासी मुकेश गुप्ता उर्फ सचिन नाम के एक बिचौलिए ने इन रिश्तों की व्यवस्था कराई थी और प्रति शादी 1 से 1.30 लाख रुपये तक कमीशन लिया गया था। शादी के बाद दुल्हनों ने करवाचौथ का व्रत रखा, सज-धजकर पूजा की और परिवार के साथ त्योहार मनाया। लेकिन रात में उन्होंने खाने में नशीला पदार्थ मिलाया और पूरे परिवार को बेहोश कर दिया। जब लोग सुबह उठे, तो घर से दुल्हनें, नकदी और जेवर गायब थे।

पीड़ित परिवारों ने बताया कि प्रति घर औसतन 2 से 3 लाख रुपये के जेवर और नकदी चोरी हुई। कुल नुकसान करीब 30 लाख रुपये का बताया जा रहा है। सासनी गेट निवासी निहाल शर्मा ने बताया कि उनके बेटे प्रतीक की दुल्हन 10 लाख के जेवर और कैश लेकर फरार हो गई। इसी तरह इगलास निवासी वीर सिंह और प्रवीन उर्फ कालू के घरों से भी लाखों के गहने गायब हैं। अब तक चार परिवारों ने FIR दर्ज कराई है जबकि बाकी आठ परिवार भी पुलिस से संपर्क में हैं।

अलीगढ़ पुलिस ने बताया कि यह संगठित ठगी का मामला है, जिसमें बिहार से लड़कियों को शादी के बहाने भेजा जाता है। सीओ प्रथम मयंक पाठक ने कहा कि बिचौलिए की तलाश प्राथमिकता पर की जा रही है और सभी दुल्हनों के मोबाइल और ठिकानों का सर्विलांस से पता लगाया जा रहा है। पूर्व महापौर शकुंतला भारती ने पीड़ितों से मुलाकात की और इसे ठगों का संगठित गिरोह बताया, जो पहले भी अलीगढ़, आगरा और मथुरा में सक्रिय रहा है।

पुलिस के अनुसार, पिछले एक साल में अलीगढ़ जिले में लुटेरी दुल्हनों के 20 से अधिक मामले दर्ज हो चुके हैं, जिनके तार बिहार और झारखंड से जुड़े मिले हैं। अब पुलिस ने लोगों से अपील की है कि शादी से पहले पूरी जांच-पड़ताल और परिवार का सत्यापन अवश्य कराएं, ताकि ऐसे गिरोहों के जाल में न फंसें। इस घटना के बाद से अलीगढ़ और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है और लोग ऐसे फर्जी विवाह रैकेट से सतर्क रहने की सलाह दे रहे हैं।

Share this content:

About The Author

You may have missed