‘जॉली एलएलबी 3’ का टीजर रिलीज, कोर्ट में भिड़े अक्षय कुमार और अरशद वारसी
अक्षय कुमार और अरशद वारसी की जोड़ी पहली बार एक साथ ‘जॉली एलएलबी 3’ में नजर आएगी। 1 मिनट 30 सेकंड के इस टीजर में दोनों वकीलों के बीच कोर्ट के अंदर और बाहर जमकर भिड़ंत दिखाई गई है। पंच लाइन्स, हास्य और ड्रामा से भरपूर इस झलक ने दर्शकों को हंसाने के साथ-साथ फिल्म के प्रति उत्सुक भी कर दिया है।
टीजर की शुरुआत जगदीश त्यागी उर्फ जॉली (अरशद वारसी) की एंट्री से होती है, जो मेरठ से आए वकील हैं। उनके बाद खिड़की से आते हैं जगदीश्वर मिश्रा उर्फ जॉली (अक्षय कुमार), जो कानपुर के वकील हैं। कोर्ट में दोनों की बहस इतनी बढ़ जाती है कि जज बने सौरभ शुक्ला (सुंदर लाल त्रिपाठी) सिर पकड़ लेते हैं। कोर्टरूम के बाहर भी दोनों के बीच लात-घूंसे और थप्पड़ों की झड़प देखने को मिलती है।
टीजर के 38वें सेकंड पर अक्षय और अरशद के बीच जज को लेकर बहस तेज हो जाती है, जिसमें “ये जज तेरा मामा लगता है” जैसी डायलॉग डिलीवरी दर्शकों को खूब पसंद आ रही है। फिल्म के कई सीन, जैसे डेस्क पर सब्जी रखना, कॉलर पकड़ना और थप्पड़ मारना, सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं।
पहले दो पार्ट्स की सफलता ने इस फ्रेंचाइज़ी के लिए दर्शकों की उम्मीदें बढ़ा दी हैं। 2013 में आई ‘जॉली एलएलबी’ में अरशद वारसी ने मुख्य भूमिका निभाई थी और 46 करोड़ का कलेक्शन किया था, जबकि 2017 में रिलीज ‘जॉली एलएलबी 2’ में अक्षय कुमार थे, जिसने 197 करोड़ की कमाई की। इस बार दोनों साथ आ रहे हैं, जिससे फैन्स की उत्सुकता दोगुनी हो गई है।
‘जॉली एलएलबी 3’ 19 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। मेकर्स का कहना है कि इस बार कहानी और भी मजेदार और सस्पेंस से भरपूर होगी, जिसमें कोर्टरूम ड्रामा के साथ भरपूर कॉमेडी का तड़का भी मिलेगा।
Share this content:
