‘बागी 4’ का टीजर रिलीज, दर्शकों ने लगाया ‘एनिमल’ की सीन-टू-सीन कॉपी का आरोप
टाइगर श्रॉफ की अपकमिंग फिल्म ‘बागी 4’ का टीजर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर विवाद खड़ा हो गया है। 1 मिनट 49 सेकंड के इस वीडियो में भरपूर एक्शन, खून-खराबा और रॉ वायलेंस दिखाया गया है, लेकिन दर्शकों का कहना है कि इसके कई सीन हूबहू रणबीर कपूर की ब्लॉकबस्टर ‘एनिमल’ से मिलते-जुलते हैं। जैसे ही टीजर आया, लोगों ने ट्विटर और इंस्टाग्राम पर इसे “एनिमल की सस्ती कॉपी” कहना शुरू कर दिया।
टीजर की शुरुआत में टाइगर श्रॉफ का एक सीन है, जिसमें वह छत की दीवार पर लेटे नजर आते हैं। दर्शकों को तुरंत ‘एनिमल’ का वह सीन याद आ गया, जब रणबीर कपूर गोलियों की बौछार के बीच खून से लथपथ लेटे थे। इसके बाद संजय दत्त की एंट्री होती है, जिनकी आंखों में आंसू हैं, और आगे एक सीन में वह व्हाइट सूट पहनकर खूनी मुकाबला करते दिखते हैं। दर्शकों का कहना है कि यह पूरी तरह ‘एनिमल’ के बॉबी देओल वाले किरदार की तरह है।
टीजर में मास्क पहने गुंडों का इस्तेमाल भी किया गया है, जो ‘एनिमल’ से काफी मिलता-जुलता बताया जा रहा है। फिल्म के करीब 6 सीन ऐसे बताए जा रहे हैं, जिन्हें ‘एनिमल’ के विजुअल्स और कॉन्सेप्ट से सीधे-सीधे उठाया गया है। यहां तक कि कई कैमरा एंगल्स भी हूबहू वैसे ही हैं—जैसे बैक लुक वाले सीन, खाली फ्लोर और हथियारों का इस्तेमाल।
सोशल मीडिया पर मीम्स की बाढ़ आ गई है, जहां लोग मजाक में ‘बागी 4’ के मेकर्स की तुलना ‘होमवर्क कॉपी’ करने वाले स्टूडेंट से कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, “भाई, होमवर्क कॉपी कर लो लेकिन थोड़ा बदल देना ताकि पता न चले,” जिस पर दूसरे ने जवाब दिया, “ठीक है, लेकिन थोड़ा ही बदलूंगा।”
हालांकि, फिल्म में कुछ नए सीन भी नजर आते हैं, लेकिन कॉन्सेप्ट और विजुअल्स की समानता ने चर्चा को और तेज कर दिया है। अब देखना यह होगा कि ‘बागी 4’ अपनी रिलीज के बाद दर्शकों के बीच सिर्फ “कॉपी” के टैग से बाहर निकल पाएगी या फिर ‘एनिमल’ जैसी सफलता दोहराने में कामयाब होगी।
Share this content:
