एयर इंडिया ने तीन इंटरनेशनल डेस्टिनेशन के लिए सेवाएं की सस्पेंड, 16 अंतरराष्ट्रीय रूट्स पर कम होंगी उड़ानें
एयर इंडिया ने अपनी अंतरराष्ट्रीय सेवाओं में बड़े बदलाव का ऐलान किया है। कंपनी ने कहा है कि वह 21 जून से 15 जुलाई 2025 के बीच तीन इंटरनेशनल डेस्टिनेशन के लिए सेवाएं अस्थायी रूप से स्थगित करेगी और 16 अन्य अंतरराष्ट्रीय रूट्स पर फ्लाइट्स की संख्या में कटौती की जाएगी।
यह निर्णय उस गंभीर हादसे के बाद लिया गया है जो 12 जून को अहमदाबाद से लंदन जा रही फ्लाइट AI171 के क्रैश के रूप में सामने आया था। हादसे में 297 यात्रियों की जान गई थी। इसके बाद एयरलाइन पर सुरक्षा मानकों को लेकर गहरा दबाव बना और अब वह उड़ान से पहले की जांच प्रक्रिया को अधिक कड़ा कर रही है।
एयर इंडिया ने जानकारी दी है कि दिल्ली-नैरोबी, अमृतसर-लंदन (गैटविक), और गोवा (मोपा)-लंदन (गैटविक) रूट पर 15 जुलाई तक सेवाएं पूरी तरह से निलंबित रहेंगी। वहीं उत्तरी अमेरिका, यूरोप, ऑस्ट्रेलिया और सुदूर पूर्व के प्रमुख मार्गों पर उड़ानों की आवृत्ति घटाई जाएगी।
कंपनी का कहना है कि यह कटौती न केवल सुरक्षा जांच को समय देने के लिए है, बल्कि मध्य पूर्व के कुछ हवाई क्षेत्र बंद होने की वजह से उड़ानों की कुल अवधि बढ़ने को भी संतुलित करने के लिए की गई है।
एयर इंडिया ने यात्रियों से असुविधा के लिए माफी मांगते हुए कहा है कि वह सभी प्रभावित यात्रियों से व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर रही है और उन्हें वैकल्पिक उड़ानों, निशुल्क पुनर्निर्धारण या पूर्ण रिफंड की सुविधा दी जा रही है।
Share this content:
