टिकटॉक पर डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा फैसला, 90 दिन और चलेगा ऐप, सौदे की तैयारी में जुटा अमेरिका
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को टिकटॉक को लेकर एक नया आदेश जारी करते हुए इसे अमेरिका में अतिरिक्त 90 दिनों तक संचालित करने की अनुमति दी है। ट्रंप ने यह जानकारी अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ’ पर साझा की। उनका कहना है कि इस फैसले से अमेरिकी प्रशासन को चीनी कंपनी बाइटडांस के स्वामित्व वाले टिकटॉक के लिए किसी अमेरिकी कंपनी के साथ डील फाइनल करने का समय मिल सकेगा।
गौरतलब है कि ट्रंप ने पहली बार 20 जनवरी 2025 को राष्ट्रपति पद की शपथ लेने के दिन टिकटॉक पर कार्रवाई का आदेश जारी किया था। इसके बाद अप्रैल में दूसरी बार समयसीमा बढ़ाई गई थी और अब यह तीसरी बार है जब उन्होंने ऐप को प्रतिबंध से छूट दी है।
इससे पहले अमेरिकी सीनेट के एक प्रस्ताव के बाद टिकटॉक पर अस्थायी प्रतिबंध लग चुका है, जिसे सुप्रीम कोर्ट की मंजूरी भी मिली थी। हालांकि ट्रंप प्रशासन लगातार यह प्रतिबंध टालता आ रहा है। इस प्रतिबंध को टालने के आदेशों पर फिलहाल कोई कानूनी चुनौती नहीं दी गई है, हालांकि इनका स्पष्ट कानूनी आधार भी नहीं बताया गया है।
ट्रंप के टिकटॉक से जुड़े रहने की एक अहम वजह यह भी है कि उनके खुद के टिकटॉक अकाउंट पर 1.5 करोड़ से अधिक फॉलोअर्स हैं और उन्होंने इसे युवा मतदाताओं तक पहुंचने का एक कारगर माध्यम बताया है। वहीं टिकटॉक के अमेरिका में लगभग 17 करोड़ यूजर्स हैं।
जानकारी के मुताबिक, अमेजन समेत कई अमेरिकी कंपनियां टिकटॉक के अमेरिका ऑपरेशंस को खरीदने की दौड़ में हैं। ट्रंप प्रशासन इन्हीं संभावित सौदों को अंतिम रूप देने के लिए समय मांगता रहा है।
Share this content:
