एयर इंडिया ने कई फ्लाइट्स की उड़ानें की रद्द, अहमदाबाद क्रैश के बाद मेंटेनेंस और सुरक्षा पर कड़ा जोर
एयर इंडिया ने शुक्रवार, 20 जून को कुल 8 फ्लाइट्स को रद्द कर दिया है। कंपनी का कहना है कि यह निर्णय रखरखाव और संचालन संबंधी कारणों से लिया गया है। हाल ही में अहमदाबाद में हुए प्लेन क्रैश के बाद एयरलाइन पर सुरक्षा सुनिश्चित करने का दबाव और बढ़ गया है। अब वह किसी भी तरह की तकनीकी चूक से बचने के लिए पूर्व जांच और सतर्कता को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।
रद्द की गई उड़ानों में दुबई से चेन्नई (AI906), दिल्ली से मेलबर्न (AI308), मेलबर्न से दिल्ली (AI309), दुबई से हैदराबाद (AI2204), पुणे से दिल्ली (AI874), अहमदाबाद से दिल्ली (AI456), हैदराबाद से मुंबई (AI2872), और चेन्नई से मुंबई (AI571) शामिल हैं।
एयर इंडिया ने यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं तैयार करने की बात कही है। साथ ही, उन्हें रद्दीकरण या बिना शुल्क के नई बुकिंग के विकल्प के साथ पूर्ण रिफंड की सुविधा भी दी जा रही है।
इसके अलावा, एयर इंडिया ने 21 जून से बोइंग 787 और 777 विमानों द्वारा संचालित उड़ानों में अस्थायी कटौती का भी ऐलान किया है। यह निर्णय न केवल अतिरिक्त सुरक्षा जांच के लिए लिया गया है, बल्कि मध्य पूर्व में कुछ हवाई क्षेत्रों के बंद होने के चलते लंबी उड़ानों को पुनः समायोजित करने के लिए भी है।
15 जुलाई 2025 तक पूरी तरह निलंबित मार्गों में शामिल हैं:
दिल्ली-नैरोबी (AI961/962)
अमृतसर-लंदन गैटविक (AI169/170)
गोवा मोपा-लंदन गैटविक (AI145/146)
वहीं, उत्तरी अमेरिका के कुछ मार्गों पर उड़ानों की आवृत्ति में कमी की गई है:
दिल्ली-टोरंटो: 13 से घटाकर 7 साप्ताहिक
दिल्ली-वैंकूवर: 7 से घटाकर 5 साप्ताहिक
दिल्ली-सैन फ्रांसिस्को: 10 से घटाकर 7 साप्ताहिक
दिल्ली-शिकागो: 7 से घटाकर 3 साप्ताहिक
दिल्ली-वाशिंगटन डुलस: 5 से घटाकर 3 साप्ताहिक
एयर इंडिया का कहना है कि यह अस्थायी कदम शेड्यूल की स्थिरता बनाए रखने और यात्रियों को अंतिम समय की असुविधा से बचाने के लिए जरूरी है।
Share this content:
