दिल्ली चुनाव पर AAP का बड़ा आरोप, कांग्रेस पर BJP को जिताने की साजिश रचने का दावा
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस के बीच तल्खी और तेज हो गई है। सोमवार को दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का असली मकसद चुनाव जीतना नहीं था, बल्कि आम आदमी पार्टी को हराकर बीजेपी को फायदा पहुंचाना था। भारद्वाज का कहना है कि यह बात चुनाव के दौरान ही साफ दिखाई दे रही थी।
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने खुद स्वीकार किया कि भले ही बीजेपी जीत जाए, लेकिन आम आदमी पार्टी को सत्ता में नहीं आने देना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस की शीर्ष समिति में भी इस पर चर्चा हुई और राहुल गांधी तथा मल्लिकार्जुन खरगे जैसे नेताओं ने इस रणनीति को मंजूरी दी। भारद्वाज के अनुसार कांग्रेस का पूरा फोकस अरविंद केजरीवाल और उनकी टीम को हराने पर था, जबकि बीजेपी उम्मीदवारों को लेकर कोई रणनीति नहीं बनाई गई।
AAP नेता ने आगे कहा कि कांग्रेस ने चुनाव में 46 करोड़ रुपये खर्च किए और इसमें से 44 करोड़ कैश में आए, जिसकी जांच नहीं हुई। उन्होंने सवाल उठाया कि यह पैसा कहां से आया और क्यों बीजेपी इसकी जांच नहीं करना चाहती। भारद्वाज का आरोप है कि कांग्रेस और बीजेपी के बीच इस रकम को लेकर समझौता हुआ था ताकि आम आदमी पार्टी को नुकसान पहुंचाया जा सके।
उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस ने AAP के नेताओं को व्यक्तिगत रूप से टारगेट किया। चाहे वह अरविंद केजरीवाल हों या मनीष सिसोदिया, कांग्रेस ने इन्हें हराने की प्लानिंग की, लेकिन बीजेपी नेताओं के खिलाफ कोई योजना नहीं बनाई। भारद्वाज ने आरोप लगाया कि कांग्रेस का यह रवैया देश के लोकतंत्र के लिए खतरनाक है और जनता इसके असली चेहरे को समझ चुकी है।
बिहार का उदाहरण देते हुए भारद्वाज ने कहा कि कांग्रेस के पास वहां कोई जनाधार नहीं है। कार्यकर्ता और वोटर RJD का है, लेकिन प्रचार राहुल गांधी का होता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस क्षेत्रीय दलों को खत्म कर सत्ता हथियाने का सपना देख रही है, लेकिन हकीकत यह है कि उसकी स्थिति लगातार कमजोर होती जा रही है।
Share this content:
