मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना: नीतीश कुमार ने 50 लाख महिलाओं को दी आर्थिक मदद, 10-10 हजार रुपये ट्रांसफर
बिहार सरकार ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को महिला रोजगार योजना के तहत पहली किस्त जारी की। इसके तहत राज्य की 50 लाख महिलाओं को 10-10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता सीधे बैंक खातों में भेजी गई। कुल 5 हजार करोड़ रुपये की यह राशि महिलाओं को स्वरोजगार शुरू करने और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के उद्देश्य से दी गई है।
मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना का लाभ प्रत्येक परिवार से एक महिला को मिलेगा। ग्रामीण विकास विभाग की ओर से जारी निर्देश के मुताबिक इस अवसर को राज्य स्तर से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। सभी जिलों, प्रखंडों और पंचायतों में कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें हजारों महिलाओं और जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। राज्य मुख्यालय से इसका लाइव प्रसारण भी किया गया।
इस योजना की खास बात यह है कि महिलाएं इस आर्थिक मदद का उपयोग छोटे-छोटे रोजगार शुरू करने में कर सकेंगी। जैसे – खेती, पशुपालन, सिलाई-बुनाई, हस्तशिल्प और अन्य छोटे व्यवसाय। सरकार का मानना है कि इस वित्तीय सहयोग से न केवल महिलाओं की आर्थिक स्वतंत्रता बढ़ेगी बल्कि उनके परिवार भी मजबूत होंगे।
योजना के तहत अब तक 1 करोड़ 5 लाख जीविका दीदियों ने आवेदन किया है, जबकि 1 लाख 40 हजार से ज्यादा महिलाओं ने स्वयं सहायता समूह (SHG) से जुड़ने के लिए आवेदन दिया है। लाभार्थी वही महिलाएं होंगी जो 18 से 60 वर्ष की उम्र के बीच हों और जिनके परिवार में कोई आयकर दाता या सरकारी नौकरी करने वाला सदस्य न हो। पात्र महिलाएं ग्रामीण क्षेत्र में ग्राम संगठन के माध्यम से और शहरी क्षेत्र में ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं।
इस ऐतिहासिक योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के अवसर देना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला सशक्तिकरण बिहार सरकार की प्राथमिकता है और यह योजना लाखों महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगी।
Share this content:
