April 26, 2026

गले में खराश अगर लंबे समय तक रहती है तो किस बीमारी का लक्षण हो सकता है?

मौसम बदलते ही गले में खराश की समस्या होना आम बात है। ठंडा-गर्म खाने-पीने, खट्टे पदार्थों का सेवन या सर्दी-जुकाम के कारण गले में दर्द और जलन हो सकती है। सामान्य तौर पर यह समस्या कुछ दिनों में ठीक हो जाती है, लेकिन अगर खराश लंबे समय तक बनी रहे तो यह किसी गंभीर बीमारी का संकेत भी हो सकता है।

लंबे समय तक गले में खराश बने रहने का सबसे बड़ा कारण टॉन्सिलाइटिस हो सकता है। इसमें गले के पिछले हिस्से में सूजन और संक्रमण हो जाता है, जिससे निगलने में परेशानी, दर्द और कभी-कभी बुखार भी हो सकता है। यह समस्या बच्चों और किशोरों में ज्यादा देखने को मिलती है। अगर खराश एक हफ्ते से ज्यादा समय तक बनी रहे, साथ ही बुखार आए या गर्दन की ग्रंथियां सूज जाएं तो तुरंत डॉक्टर से जांच करवाना जरूरी है।

विशेषज्ञ बताते हैं कि गले में खराश (Pharyngitis) ज्यादातर मामलों में 7-10 दिनों के भीतर ठीक हो जाती है। लेकिन अगर यह कई हफ्तों या महीनों तक बनी रहे और इसके साथ आवाज़ भारी होना, निगलने में दिक्कत, गले में गांठ या बिना वजह वजन घटना जैसे लक्षण भी दिखें, तो यह गले या वोकल कॉर्ड के कैंसर का शुरुआती संकेत हो सकता है। ऐसे मामलों में लापरवाही बेहद खतरनाक साबित हो सकती है।

गले की खराश लंबे समय तक बने रहने की और भी वजहें हो सकती हैं। जैसे–

क्रोनिक एलर्जी: धूल, परागकण, पालतू जानवरों की रूसी या फफूंदी से एलर्जी।

धूम्रपान और प्रदूषण: धुआं या जहरीले रसायन गले को लगातार नुकसान पहुंचा सकते हैं।

एसिड रिफ्लक्स (GERD/ LPR): पेट का एसिड गले तक पहुंचकर जलन और खराश पैदा करता है।

क्रोनिक इंफेक्शन: बार-बार वायरल या बैक्टीरियल इंफेक्शन होने से भी समस्या बनी रहती है।

डॉक्टर गले की जांच के लिए रैपिड एंटीजन टेस्ट या थ्रोट कल्चर कर सकते हैं ताकि यह पता चल सके कि संक्रमण वायरस, बैक्टीरिया या फंगस से है।

इसलिए अगर गले की खराश 10 दिन से ज्यादा बनी रहती है, घरेलू उपाय असर नहीं कर रहे या ऊपर बताए गए गंभीर लक्षण दिख रहे हैं, तो इसे हल्के में न लें और तुरंत ईएनटी विशेषज्ञ से संपर्क करें।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!