April 26, 2026

आंध्र प्रदेश – लॉटरी टिकट विक्रेता 40 करोड़ रुपये लेकर परिवार समेत फरार, पुलिस जांच में जुटी

आंध्र प्रदेश के अंबेडकर कोनासीमा जिले से बड़ा धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। यहां पोलावरम मंडल के मुरमल्ला गांव का निवासी चिंतलापुड़ी वीरा शंकर राव, जो लॉटरी टिकट का कारोबार करता था, 40 करोड़ रुपये लेकर अपनी पत्नी और बच्चों के साथ फरार हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने लंबे समय से राव पर भरोसा कर टिकट खरीदे थे, लेकिन अब वह उन्हें पैसे दिए बिना ही भाग गया।

जानकारी के अनुसार, वीरा शंकर राव ने करीब 30 साल पहले लॉटरी टिकट बेचने का धंधा शुरू किया था। धीरे-धीरे उसने व्यापारियों और स्थानीय हस्तियों से संपर्क बढ़ाया और पांच लाख से लेकर एक करोड़ रुपये तक के टिकट बेचे। इस दौरान कई दिहाड़ी मजदूरों, छोटे व्यापारियों और कामगारों ने भी अपनी कमाई से टिकट खरीदे। लेकिन 28 अगस्त को वह पूरे परिवार के साथ अचानक गायब हो गया। जब पीड़ित लोग उसके घर पहुंचे तो वहां ताला लटका मिला और फोन भी बंद मिला।

पीड़ितों ने जब उसे ढूंढने की कोशिश की और कोई जानकारी नहीं मिली तो उन्होंने स्थानीय विधायक दातला बुचिबाबू और पुलिस से शिकायत की। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पीड़ित लोग न्याय की गुहार लगा रहे हैं और अपने मेहनत की कमाई वापस पाने की उम्मीद जता रहे हैं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!