April 17, 2026

भारत की इस टीम में हैं 20 विराट कोहली, वर्ल्डकप जिताने वाले कोच का दावा

भारतीय पुरुष हॉकी टीम इस समय बिहार में खेले जा रहे 2025 हॉकी एशिया कप में शानदार प्रदर्शन कर रही है। इसी बीच टीम के मेंटल कंडीशनिंग कोच पैडी अप्टन ने एक बड़ा बयान देकर खिलाड़ियों का आत्मविश्वास और बढ़ा दिया है। अप्टन का कहना है कि मौजूदा हॉकी टीम फिटनेस और डेडिकेशन के मामले में भारतीय क्रिकेट टीम से भी कहीं आगे है।

 

अप्टन, जो 2011 क्रिकेट वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम के साथ भी जुड़े थे, उन्होंने कहा कि इस हॉकी टीम में 18 से 20 खिलाड़ी ऐसे हैं जिनकी फिटनेस का स्तर विराट कोहली के बराबर है। क्रिकेट की दुनिया में जब भी सबसे फिट खिलाड़ी का नाम आता है तो सबसे पहले विराट कोहली का जिक्र होता है। लेकिन अप्टन के मुताबिक, भारतीय हॉकी टीम में हर खिलाड़ी उसी समर्पण और फिटनेस लेवल पर खरा उतरता है। यही कारण है कि उन्होंने इस टीम को “20 विराट कोहली” वाली टीम करार दिया।

 

अप्टन ने बातचीत में बताया कि उन्होंने जब हॉकी खिलाड़ियों के खाने, सोने और ट्रेनिंग की आदतों की तुलना भारतीय क्रिकेटरों से की तो उन्हें यह टीम पांच कदम आगे नजर आई। उनका मानना है कि जहां विराट कोहली विश्व क्रिकेट में फिटनेस का एकमात्र पैमाना माने जाते हैं, वहीं भारतीय हॉकी टीम का हर खिलाड़ी उसी स्तर पर है। उनके मुताबिक यह टीम शारीरिक और मानसिक मजबूती में किसी से कम नहीं है।

 

गौरतलब है कि पैडी अप्टन सिर्फ क्रिकेट ही नहीं बल्कि कई अन्य खेलों से भी जुड़े रहे हैं। वह साउथ अफ्रीका के रहने वाले हैं और मानसिक मजबूती पर काम करने के लिए खास तौर पर जाने जाते हैं। भारत के 2011 वर्ल्ड कप अभियान में उन्होंने हेड कोच गैरी कर्स्टन के साथ मिलकर अहम भूमिका निभाई थी। इसके अलावा, पेरिस ओलंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम का भी हिस्सा रहे।

 

इतना ही नहीं, पैडी अप्टन ने शतरंज के युवा ग्रैंडमास्टर डी. गुकेश के साथ भी काम किया था और उन्हें मानसिक रूप से तैयार कर 2024 वर्ल्ड चेस चैंपियनशिप जिताने में अहम योगदान दिया था। ऐसे में उनका यह बयान भारतीय हॉकी खिलाड़ियों की मेहनत और फिटनेस को बड़ा सम्मान देने जैसा है, जो आने वाले टूर्नामेंट्स में टीम का मनोबल और मजबूत कर सकता है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!