April 17, 2026

एशिया कप 2025 : भारत को वर्ल्ड चैंपियन बनाने वाला कोच अब टीम इंडिया के लिए खतरा, ओमान से होगा मुकाबला

एशिया कप 2025 का आगाज़ 9 सितंबर से होने जा रहा है और टीम इंडिया अपना अभियान 10 सितंबर को यूएई के खिलाफ शुरू करेगी। इसके बाद 14 सितंबर को पाकिस्तान से हाई-वोल्टेज मुकाबला खेला जाएगा। लेकिन ग्रुप स्टेज का आखिरी मैच भारत और ओमान के बीच होगा, जो भारतीय फैंस के लिए सबसे रोमांचक साबित हो सकता है। वजह है ओमान के कोचिंग स्टाफ में शामिल एक भारतीय दिग्गज, जो टीम इंडिया को हराने का सपना देख रहे हैं।

 

ओमान क्रिकेट टीम के डिप्टी हेड कोच सुलक्षण कुलकर्णी भारतीय क्रिकेट में एक जाना-पहचाना नाम हैं। उन्हें जुलाई 2025 में ओमान का असिस्टेंट कोच नियुक्त किया गया था। वहीं, वह महाराष्ट्र टीम के भी हेड कोच बने हुए हैं। कुलकर्णी ने भारतीय विकलांग क्रिकेट टीम को 2019 में वर्ल्ड कप जिताया था और 2012-13 में मुंबई रणजी टीम को चैंपियन बनाया था। इसके अलावा वह विदर्भ और नेपाल टीमों के साथ भी कोचिंग अनुभव हासिल कर चुके हैं। ऐसे में उनका अनुभव टीम इंडिया के लिए बड़ा खतरा साबित हो सकता है।

 

कुलकर्णी ने भारत-ओमान मुकाबले को लेकर कहा कि कमजोर टीम भी मजबूत इरादों और सकारात्मक सोच से दिग्गजों को हरा सकती है। उन्होंने याद दिलाया कि कैसे आरसीएफ क्लब की कप्तानी करते हुए उन्होंने इंडियन ऑयल, एयर इंडिया और टाटा जैसी दिग्गज कॉरपोरेट टीमों को मात दी थी। उन्होंने साफ कहा कि ओमान की टीम भारत और पाकिस्तान जैसे दिग्गजों के खिलाफ भी उसी नजरिए से उतरेगी।

 

इस बयान के बाद साफ है कि भारत और ओमान का यह मुकाबला सिर्फ एक ग्रुप मैच नहीं, बल्कि एक रणनीतिक जंग भी होगा। भारतीय फैंस की नजरें इस पर टिकी होंगी कि क्या कुलकर्णी का अनुभव टीम इंडिया को चुनौती दे पाएगा या भारत आसानी से जीत दर्ज करेगा।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!