बिंदी लगाए जब ऐश्वर्या राय संग दिखीं आराध्या बच्चन, मम्मी जैसी लगीं तस्वीरें वायरल
बॉलीवुड की खूबसूरत अदाकारा ऐश्वर्या राय बच्चन रविवार को अपनी बेटी आराध्या बच्चन के साथ मुंबई के प्रसिद्ध गौड़ सारस्वत ब्राह्मण (GSB) गणेशोत्सव पंडाल में बप्पा के दर्शन करने पहुंचीं। मां-बेटी की यह झलक देखते ही लोगों का ध्यान उनकी ओर खिंच गया। सुरक्षा के बीच भी दोनों ने फैंस और मीडिया का गर्मजोशी से अभिवादन किया। जैसे ही उनकी तस्वीरें सामने आईं, सोशल मीडिया पर खूब वायरल होने लगीं और इसी बीच ऐश्वर्या राय की एक पुरानी तस्वीर भी चर्चा में आ गई। लोगों ने दोनों की तुलना शुरू कर दी और कहने लगे कि आराध्या अपनी मां की हूबहू कॉपी लग रही हैं।
आराध्या ने इस मौके पर पारंपरिक नारंगी रंग का आउटफिट पहना था और माथे पर मां की तरह ही शाइनी बिंदी भी लगाई थी। खुले बालों में उनकी सादगी और मासूमियत देखते ही बन रही थी। जैसे ही तस्वीरें सामने आईं, लोग उन्हें ऐश्वर्या राय की किशोरावस्था की पुरानी तस्वीर से तुलना करने लगे। चेहरे की बनावट, मुस्कान और एक्सप्रेशंस देखकर हर किसी ने यही कहा कि बेटी मां की परछाई है। सोशल मीडिया पर एक यूजर ने तो यहां तक लिख दिया, “पापा नहीं, बिल्कुल मां जैसी हैं।”
इस दौरान ऐश्वर्या राय बच्चन की एक थ्रोबैक तस्वीर भी खूब शेयर की जा रही है। तस्वीर में ऐश्वर्या पीले रंग की चटक सिल्क साड़ी पहने हुए बेहद ग्रेसफुल दिखीं। उनका हेयरस्टाइल और सादगी एक बार फिर फैंस को दीवाना बना रही थी। लोगों ने ध्यान दिलाया कि ऐश्वर्या और आराध्या के लुक में गजब की समानता है। यह पहली बार नहीं है जब मां-बेटी की ऐसी तस्वीरें चर्चा का विषय बनी हों। हाल ही में एयरपोर्ट पर भी दोनों को ब्लैक आउटफिट और मिलते-जुलते हेयरस्टाइल में स्पॉट किया गया था, जिसकी तस्वीरें जमकर वायरल हुई थीं।
आराध्या बच्चन, बच्चन परिवार की सबसे छोटी सदस्य हैं और धीरे-धीरे अपनी उपस्थिति और स्टाइल के लिए पहचानी जाने लगी हैं। हालांकि उन्हें अक्सर मीडिया से थोड़ा दूर रखा जाता है, लेकिन जब भी वह सार्वजनिक रूप से नजर आती हैं तो सबकी नजरें उन पर टिक जाती हैं। इस बार गणपति दर्शन के मौके पर उनकी तस्वीरों ने एक बार फिर साफ कर दिया कि आराध्या अपनी मां ऐश्वर्या की तरह ही ग्रेसफुल और खूबसूरत अंदाज में नजर आती हैं।
सोशल मीडिया पर फैन्स लगातार इस तस्वीर को शेयर करते हुए लिख रहे हैं कि आराध्या के हावभाव और मुस्कान ऐश्वर्या से मिलते हैं। यही वजह है कि हर बार उनकी तुलना ऐश्वर्या की पुरानी तस्वीरों से की जाती है। कुल मिलाकर, मां-बेटी की इस अपीयरेंस ने न सिर्फ गणपति पंडाल में मौजूद लोगों का दिल जीता, बल्कि इंटरनेट पर भी खूब सुर्खियां बटोरीं।
Share this content:
