May 2, 2026

शाहजहांपुर: कारोबारी ने 4 साल के बेटे को जहर देकर पत्नी संग लगाई फांसी, मिला 36 पन्नों का सुसाइड नोट

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक कारोबारी ने अपने 4 साल के मासूम बेटे को जहर देकर मौत के घाट उतार दिया और इसके बाद पत्नी संग अलग-अलग कमरों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस को मौके से 36 पन्नों का सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें कारोबारी ने अपने व्यापार में घाटे और कर्ज से परेशान होने की बात लिखी है।

मृतकों की पहचान 35 वर्षीय सचिन ग्रोवर, उनकी पत्नी 30 वर्षीय शिवांगी और बेटे फतेह के रूप में हुई है। घटना रोजा थाना क्षेत्र के दुर्गा एंकलेव कॉलोनी की है। बुधवार सुबह जब घर से कोई हलचल नहीं हुई तो पड़ोसियों ने खिड़की से झांककर देखा। अंदर पति-पत्नी के शव रस्सी से लटके थे और बच्चा बेड पर अचेत पड़ा था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा तोड़ा और तीनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, पति-पत्नी ने पहले बच्चे को चूहे मारने की दवा खिलाई, जिसके बाद दोनों ने अलग-अलग कमरों में फांसी लगाई। पत्नी का शव बेडरूम में मिला जबकि पति ने ड्राइंग रूम में फंदा लगाया था। डॉक्टरों की मानें तो बच्चे की मौत जहर खाने से हुई है। वहीं पुलिस ने सुसाइड नोट को जांच के लिए भेज दिया है और परिवार के अन्य सदस्यों से पूछताछ की जा रही है।

इस वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया है। परिजनों का कहना है कि सचिन लंबे समय से कर्ज और व्यापार में हो रहे नुकसान से परेशान था। मगर किसी को अंदाजा नहीं था कि वह इतना बड़ा कदम उठा लेगा। परिवार और आसपास के लोग सदमे में हैं कि एक हंसता-खेलता परिवार अचानक इस तरह खत्म हो जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!