May 1, 2026

गौतम गंभीर का टेस्ट रिकॉर्ड फिसड्डी, सिर्फ 33.33% जीत का आंकड़ा

भारतीय क्रिकेट टीम के हेड कोच बनने के बाद गौतम गंभीर का कार्यकाल अभी तक मिलाजुला रहा है। 2024 टी20 वर्ल्ड कप के बाद उन्होंने टीम इंडिया की जिम्मेदारी संभाली, और वनडे व टी20 फॉर्मेट में शानदार नतीजे दिए। दोनों फॉर्मेट में भारत दुनिया की नंबर-1 टीम बना हुआ है। हालांकि टेस्ट क्रिकेट में गंभीर का रिकॉर्ड उतना मजबूत नहीं रहा है, जितनी उम्मीद की गई थी।

 

गंभीर की कोचिंग में टीम इंडिया ने अब तक कुल 15 टेस्ट मुकाबले खेले हैं। इनमें से भारत को केवल 5 मैचों में जीत मिली है — बांग्लादेश के खिलाफ 2, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 1 और इंग्लैंड के खिलाफ 2। इसके उलट टीम को 8 टेस्ट मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा। ये हार न्यूजीलैंड के खिलाफ 3-0 से क्लीन स्वीप और ऑस्ट्रेलिया दौरे पर 3 टेस्ट गंवाने के रूप में सामने आईं। वहीं, 2 मैच ड्रॉ रहे।

 

इस आंकड़े के अनुसार, गंभीर के कोचिंग कार्यकाल में टेस्ट मैचों में भारत की जीत का प्रतिशत महज 33.33% है। क्रिकेट के सबसे लंबे फॉर्मेट में यह रिकॉर्ड चिंताजनक है, खासकर तब जब बाकी फॉर्मेट्स में टीम का प्रदर्शन बेहतरीन रहा हो।

 

हालांकि इंग्लैंड के दौरे पर गौतम गंभीर ने एक युवा टीम के साथ बेहतर प्रदर्शन करवाया। शुभमन गिल की कप्तानी में टीम इंडिया ने सीरीज को 2-2 से ड्रॉ कराने में सफलता पाई, जबकि शुरुआती मुकाबलों में टीम 1-2 से पीछे चल रही थी। खिलाड़ियों की वापसी और मैच दर मैच प्रदर्शन में सुधार गंभीर की रणनीति और टीम मैनेजमेंट का असर दिखाते हैं।

 

अब सभी की निगाहें अक्टूबर 2025 की टेस्ट सीरीज पर टिकी हैं, जब भारत वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू मैदान पर भिड़ेगा। यह सीरीज 2 टेस्ट मैचों की होगी, जिसमें पहला मुकाबला 2 से 6 अक्टूबर के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में और दूसरा 10 अक्टूबर से दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। यह सीरीज गंभीर के टेस्ट रिकॉर्ड को सुधारने का एक अच्छा मौका साबित हो सकती है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!