May 4, 2026

राजस्थान के नाथद्वारा में अस्पताल से महिला नर्स बनकर तीन दिन के नवजात को चुरा ले गई, CCTV में पूरी वारदात कैद

राजस्थान के राजसमंद जिले के नाथद्वारा से एक सनसनीखेज बच्चा चोरी का मामला सामने आया है। गोवर्धन राजकीय जिला अस्पताल में एक महिला नर्स के भेष में आई और तीन दिन के नवजात को जांच के बहाने परिजनों से लेकर फरार हो गई। यह पूरी घटना अस्पताल के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस ने महिला और नवजात की तलाश शुरू कर दी है।

घटना सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे की है, जब नाथद्वारा की सुखाड़िया नगर की रहने वाली बिंदिया के नवजात बेटे को देखने एक महिला आई। उसने खुद को अस्पताल स्टाफ बताकर जांच के लिए बच्चे को मांगा और सीधे उसे लेकर चली गई। बच्चे की बुआ भी महिला के साथ गई थीं, लेकिन महिला ने उन्हें आधार लाने को कहकर रास्ते में भेज दिया और फिर नवजात को दो अन्य महिलाओं को सौंपकर खुद बाइक सवार युवक के साथ फरार हो गई।

बच्चे के नहीं मिलने पर परिजनों ने अस्पताल प्रशासन को सूचित किया, जिसके बाद तुरंत सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। उसमें महिला की पहचान और उसकी हरकतें स्पष्ट रूप से नजर आईं। श्रीनाथजी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और महिला सहित घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर तलाश शुरू कर दी है। अस्पताल प्रशासन और पुलिस की लापरवाही पर भी सवाल उठ रहे हैं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!