May 5, 2026

IND vs ENG: मैनचेस्टर टेस्ट में फिर भिड़े सिराज और बेन डकेट, उंगली दिखाकर की तीखी बहस, अंपायर से हुई शिकायत

भारत और इंग्लैंड के बीच चल रही पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का चौथा मुकाबला मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड स्टेडियम में खेला जा रहा है। दूसरे दिन के खेल में जहां इंग्लिश सलामी बल्लेबाजों ने भारतीय गेंदबाजों की जमकर धुनाई की, वहीं मैदान पर एक बार फिर विवाद भी देखने को मिला। भारतीय तेज़ गेंदबाज़ मोहम्मद सिराज और इंग्लैंड के ओपनर बेन डकेट के बीच तीखी बहस हो गई, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुकी है।

यह विवाद उस समय शुरू हुआ जब डकेट शानदार बल्लेबाज़ी कर रहे थे और अपने शतक के करीब पहुंच चुके थे। इसी दौरान मोहम्मद सिराज ने उन्हें कुछ कह दिया, जिसके जवाब में डकेट भी उखड़ गए। दोनों खिलाड़ियों ने एक-दूसरे की ओर उंगली से इशारा कर गुस्सा जाहिर किया। मामला इतना बढ़ गया कि बेन डकेट ने अंपायर से सिराज की शिकायत कर दी। हालांकि, अंपायर ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया और खेल दोबारा शुरू हुआ।

इससे पहले भी दोनों खिलाड़ियों के बीच टकराव हो चुका है। लॉर्ड्स टेस्ट के दौरान जब सिराज ने डकेट का विकेट लिया था, तब वह उन्हें धक्का मारते हुए आक्रामक अंदाज़ में विदा कर रहे थे। इस हरकत पर आईसीसी ने सिराज पर 15 फीसदी मैच फीस का जुर्माना भी लगाया था और उनके खाते में एक डिमेरिट प्वाइंट भी जोड़ा था।

दूसरे दिन के खेल में इंग्लैंड की सलामी जोड़ी ने भारत को बैकफुट पर डाल दिया। बेन डकेट और जैक क्रॉली के बीच पहले विकेट के लिए 166 रनों की साझेदारी हुई। क्रॉली ने 84 रन बनाए जबकि डकेट 94 रन पर अंशुल कंबोज का शिकार बने।

इस घटना के बाद एक बार फिर क्रिकेट की खेल भावना पर सवाल उठने लगे हैं। दर्शकों के लिए यह एक हाई वोल्टेज ड्रामा जरूर रहा, लेकिन दोनों टीमों के खिलाड़ी बार-बार इस तरह उलझते हैं तो वह सीरीज की गरिमा पर असर डाल सकता है। अब देखना होगा कि ICC इस ताज़ा विवाद पर क्या कार्रवाई करता है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!