टेस्ट सीरीज से पहले न्यूजीलैंड टीम में बड़ा बदलाव, माइकल ब्रेसवेल की एंट्री, ग्लेन फिलिप्स हुए बाहर
न्यूजीलैंड की क्रिकेट टीम इन दिनों जिम्बाब्वे दौरे पर है, जहां पहले वह T20I ट्राई सीरीज में हिस्सा ले रही है और इसके बाद 30 जुलाई से दो मैचों की टेस्ट सीरीज शुरू होने जा रही है। इस टेस्ट सीरीज से पहले कीवी टीम में एक अहम बदलाव किया गया है। चोटिल ग्लेन फिलिप्स की जगह टीम में धाकड़ ऑलराउंडर माइकल ब्रेसवेल को शामिल किया गया है।
माइकल ब्रेसवेल को शुरुआत में दो टेस्ट मैचों की इस सीरीज के लिए टीम में शामिल नहीं किया गया था, क्योंकि वे ‘द हंड्रेड’ टूर्नामेंट में खेलने वाले थे। हालांकि अब ग्लेन फिलिप्स के अनफिट हो जाने के कारण ब्रेसवेल को टीम में शामिल किया गया है। न्यूजीलैंड के हेड कोच रॉब वाल्टर ने इस बदलाव की पुष्टि करते हुए कहा कि माइकल ब्रेसवेल फिलिप्स के लिए एक मजबूत और संतुलित विकल्प हैं, जो टीम की जरूरतों को अच्छे से पूरा कर सकते हैं।
कोच वाल्टर ने आगे कहा कि ब्रेसवेल फिलहाल न्यूजीलैंड की T20 टीम के साथ ज़िम्बाब्वे में ही मौजूद हैं, इसलिए उनकी पहले टेस्ट में उपलब्धता सुनिश्चित है। टीम मैनेजमेंट पहले टेस्ट के बाद उनके प्रदर्शन और स्थिति को देखते हुए तय करेगा कि वह दूसरे टेस्ट का हिस्सा बनेंगे या नहीं।
गौर करने वाली बात यह है कि माइकल ब्रेसवेल पहले टेस्ट के बाद ज़िम्बाब्वे से सीधे इंग्लैंड रवाना होंगे, जहां वह ‘द हंड्रेड’ लीग में सदर्न ब्रेव टीम से जुड़ेंगे। इसका मतलब है कि उनके खेलने का अवसर फिलहाल सिर्फ पहले टेस्ट तक सीमित रह सकता है।
इस बदलाव से न्यूजीलैंड टीम को जहां एक ओर अनुभवी ऑलराउंडर का फायदा मिलेगा, वहीं यह देखना दिलचस्प होगा कि ब्रेसवेल इस मौके को किस तरह भुनाते हैं। चोटों से जूझ रही कीवी टीम के लिए यह बदलाव अहम साबित हो सकता है।
Share this content:
