May 5, 2026

जो रूट सिर्फ 11 रन बनाते ही रच देंगे नया इतिहास, मैनचेस्टर में सबसे पहले 1000 रन बनाने वाले बनेंगे दुनिया के पहले बल्लेबाज

भारत और इंग्लैंड के बीच मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड स्टेडियम में जारी चौथे टेस्ट में इंग्लिश बल्लेबाज जो रूट एक बेहद खास रिकॉर्ड के करीब हैं। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड ने 2 विकेट के नुकसान पर 225 रन बना लिए हैं, जिसमें जो रूट 11 रन बनाकर नाबाद हैं। अगर वे तीसरे दिन अपने स्कोर में 11 रन और जोड़ लेते हैं, तो टेस्ट इतिहास में मैनचेस्टर के इस मैदान पर 1000 रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बन जाएंगे।

जो रूट अब तक ओल्ड ट्रैफर्ड में 12 टेस्ट मैचों की 20 पारियों में 65.93 की औसत से 989 रन बना चुके हैं। अब महज 11 रन और बनाते ही वह इस मैदान पर टेस्ट में 1000 रन पूरे करने वाले पहले क्रिकेटर बन जाएंगे। उनके बाद इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर बेन स्टोक्स हैं, जिनके नाम 579 रन दर्ज हैं, जबकि जॉनी बेयरस्टो (379), जोस बटलर (365), जैक क्रॉली (322) और एलिस्टर कुक (316) का स्थान इससे नीचे आता है।

इस ऐतिहासिक मौके के साथ-साथ रूट के पास एक और बड़ा कीर्तिमान बनाने का भी सुनहरा अवसर है। टेस्ट क्रिकेट में वह अब तक 13270 रन बना चुके हैं। अगर वे मैनचेस्टर टेस्ट में 20 रन और बना लेते हैं, तो वह राहुल द्रविड़ (13288 रन) और जैक कैलिस (13289 रन) को पीछे छोड़ते हुए टेस्ट इतिहास में तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे।

इस सूची में भारत के सचिन तेंदुलकर 15921 रन के साथ पहले पायदान पर हैं, जबकि ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग 13378 रन के साथ दूसरे स्थान पर काबिज हैं। अगर रूट की मौजूदा फॉर्म और निरंतरता को देखा जाए, तो आने वाले समय में वह इस सूची में और ऊपर पहुंच सकते हैं।

मैनचेस्टर टेस्ट में रूट की बल्लेबाजी इसलिए भी अहम हो जाती है क्योंकि इंग्लैंड की टीम अभी भारत से सिर्फ 133 रन पीछे है और रूट का क्रीज पर टिके रहना इंग्लैंड को बढ़त दिलाने में मदद कर सकता है। क्रिकेट फैंस की नजरें अब तीसरे दिन रूट के इन ऐतिहासिक पलों पर टिकी हैं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!