बॉक्स ऑफिस पर हुई फ्लॉप, अब OTT पर कर रही धमाल – ‘द फैमिली स्टार’ बनी ट्रेंडिंग फिल्म
साल 2024 में रिलीज हुई तेलुगु फिल्म ‘द फैमिली स्टार’ सिनेमाघरों में भले ही फ्लॉप साबित हुई हो, लेकिन ओटीटी पर आते ही इसने दर्शकों का ध्यान खींच लिया है। 60 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस रोमांटिक-ड्रामा फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर केवल 19 करोड़ रुपये की कमाई की थी। इसके बावजूद, जबसे यह फिल्म अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज हुई है, यह लगातार ट्रेंडिंग में बनी हुई है और दर्शक इसे खूब देख रहे हैं।
परशुराम पेटला के निर्देशन में बनी इस फिल्म में विजय देवरकोंडा और मृणाल ठाकुर की जोड़ी नजर आई है। फिल्म में विजय देवरकोंडा ने गोवर्धन नाम के एक मेहनती मिडिल क्लास युवक की भूमिका निभाई है, जो अपने पूरे परिवार की जिम्मेदारियों को उठाता है। वहीं मृणाल ठाकुर एक सशक्त सीईओ इंदु का किरदार निभा रही हैं, जो गोवर्धन की किरायेदार बनकर उसकी जिंदगी में आती है। दोनों की शुरुआत में खूब नोंकझोंक होती है, लेकिन आगे चलकर यही रिश्ते की गहराई में बदल जाती है।
‘द फैमिली स्टार’ की कहानी आम जीवन की जद्दोजहद और सामाजिक-सांस्कृतिक मतभेदों के बीच पनपते रिश्ते को बखूबी दिखाती है। जहां गोवर्धन अपने परिवार को प्राथमिकता देता है, वहीं इंदु अपने आत्मसम्मान और करियर में यकीन रखती है। फिल्म में दोनों के बीच का इमोशनल ट्रैक दर्शकों को इमोशनल कर देता है और शायद यही वजह है कि यह ओटीटी पर इतना पसंद किया जा रहा है।
इस फिल्म में सहायक भूमिकाओं में जगपति बाबू (इंदु के पिता), वेनेला किशोर, दिव्यांशा कौशिक और रोहिणी हट्टंगड़ी जैसे कलाकार भी नजर आते हैं। फिल्म को IMDb पर 5.4 की रेटिंग मिली है, लेकिन ओटीटी पर इसकी व्यूअरशिप लगातार बढ़ रही है, जिससे यह उदाहरण बन चुकी है कि हर फ्लॉप फिल्म का अंत नहीं होता।
श्री वेंकटेश्वर क्रिएशंस के बैनर तले बनी यह फिल्म अब Amazon Prime Video पर स्ट्रीम की जा सकती है। जो दर्शक सिनेमाघरों में इसे मिस कर गए थे, उनके लिए यह फिल्म अब घर बैठे एक मौका है एक खूबसूरत लेकिन साधारण प्रेम कहानी देखने का, जो ज़िंदगी के संघर्षों के बीच भी मोहब्बत का रास्ता तलाशती है।
Share this content: