पवन कल्याण की ‘हरि हर वीरा मल्लू’ ने पहले ही दिन तोड़ा ‘सैयारा’ का रिकॉर्ड, 43.86 करोड़ की धुआंधार कमाई

तेलुगु सिनेमा के सुपरस्टार और नेता पवन कल्याण की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘हरि हर वीरा मल्लू – भाग 1: स्वॉर्ड वर्सेस स्पिरिट’ ने रिलीज के पहले ही दिन बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार शुरुआत की है। 24 जुलाई को सिनेमाघरों में आई इस पीरियड ड्रामा फिल्म को दर्शकों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला है, खासकर तेलुगु भाषी दर्शकों के बीच इसका क्रेज देखने लायक है। फिल्म लंबे समय से चर्चा में थी और आखिरकार रिलीज होते ही इसने रिकॉर्ड तोड़ कमाई कर दी।

सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘हरि हर वीरा मल्लू’ ने भारत में पहले दिन कुल 43.86 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इस आंकड़े में फिल्म के प्रीमियर शो से मिली 12.7 करोड़ रुपये की कमाई और ओपनिंग डे की 31.5 करोड़ रुपये की कमाई शामिल है। यह पवन कल्याण के करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग में से एक बन गई है। इससे पहले उनकी फिल्म ‘वकील साहब’ ने 40.10 करोड़, ‘भीमला नायक’ ने 37.15 करोड़ और ‘ब्रो’ ने 30.5 करोड़ की ओपनिंग की थी।

दिलचस्प बात यह है कि इस फिल्म ने हाल ही में रिलीज हुई मोहित सूरी निर्देशित ‘सैयारा’ को भी ओपनिंग के मामले में पीछे छोड़ दिया है। जहां ‘सैयारा’ ने पहले दिन 21.5 करोड़ रुपये की कमाई की थी, वहीं ‘हरि हर वीरा मल्लू’ ने 31.5 करोड़ रुपये की ओपनिंग कर इस रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया है। सोशल मीडिया पर दोनों फिल्मों की तुलना भी हो रही है, जिसमें पवन कल्याण की फिल्म को बम्पर रिस्पॉन्स मिल रहा है।

फिल्म की स्टारकास्ट में पवन कल्याण के साथ बॉबी देओल, निधि अग्रवाल, नरगिस फाखरी, नोरा फतेही और सत्यराज जैसे कलाकार शामिल हैं। यह एक ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर आधारित फिल्म है, जिसे कृष और ज्योति कृष्णा ने निर्देशित किया है।

रिलीज से पहले फिल्म को कई बार टालना पड़ा था। पहले यह 12 जून को रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब 24 जुलाई को यह बड़े पर्दे पर आई है। फिल्म की भव्यता, वीएफएक्स और स्टारपावर ने पहले ही दिन इसे साल 2025 की सबसे बड़ी ओपनिंग फिल्मों में ला खड़ा किया है।

Share this content:

About The Author

You may have missed