UP कोऑपरेटिव एक्सपो-2026: ग्रामीण उत्पादों और सहकारी संस्थाओं को मिलेगा बड़ा मंच, लखनऊ में 1 से 10 दिसंबर तक होगा मेगा इवेंट
लखनऊ। प्रदेश में सहकारिता आंदोलन को बढ़ावा देने और ग्रामीण उत्पादों को बाजार से जोड़ने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सहकारिता विभाग की ओर से 1 से 10 दिसंबर 2026 तक गोमती नगर स्थित बीबीडी बैडमिंटन अकादमी में दस दिवसीय ‘उत्तर प्रदेश कोऑपरेटिव एक्सपो-2026 2.0’ का आयोजन किया जाएगा। एक्सपो का उद्घाटन उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य करेंगे। यह प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 10 बजे तक आम लोगों के लिए खुला रहेगा। शनिवार को उत्तर प्रदेश स्टेट कोऑपरेटिव बैंक मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में सहकारिता मंत्री जेपीएस. राठौर ने आयोजन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एक्सपो का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों, उत्पादकों, कारीगरों और उद्यमियों को शहरी उपभोक्ताओं, व्यापारियों तथा संभावित खरीदारों से सीधे जोड़ना है।
सहकारिता मंत्री जेपीएस. राठौर ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सहकारी संस्थाओं को आधुनिक तकनीक, बेहतर विपणन, ब्रांडिंग और पैकेजिंग से जोड़कर मजबूत बनाया जा रहा है। सहकारिता के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। ने कहा कि सहकारिता केवल आर्थिक गतिविधियों का माध्यम नहीं, बल्कि सामूहिक प्रयासों से समृद्धि, आत्मनिर्भरता और सामाजिक सशक्तिकरण हासिल करने का प्रभावी आधार है। इस एक्सपो का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत कृषकों, उत्पादकों एवं शिल्पकारों को शहरी उपभोक्ताओं से सीधे जोड़कर उनके लिए सशक्त बाजार संपर्क स्थापित करना तथा उन्हें अपने उत्पादों, सेवाओं, उपलब्धियों एवं नवाचारों के प्रदर्शन के लिए राज्य स्तर पर एक प्रतिष्ठित मंच उपलब्ध कराना है।
इफको और नैफेड समेत कई संस्थाएं करेंगी सहभागिता
एक्सपो में इफको (IFFCO), नैफेड (NAFED) सहित खाद्य प्रसंस्करण, खादी एवं ग्रामोद्योग, माटीकला, डेयरी, मत्स्य पालन, हथकरघा, हस्तशिल्प और कृषि आधारित उत्पादों से जुड़ी संस्थाएं हिस्सा लेंगी। विभिन्न जिलों की सहकारी समितियां, किसान, दुग्ध उत्पादक, मत्स्य पालक, कारीगर, महिला स्वयं सहायता समूह और लघु उद्यमी अपने उत्पादों का प्रदर्शन करेंगे।
एक्सपो में ‘एक जनपद-एक उत्पाद’ (ODOP) और ‘एक जनपद-एक व्यंजन’ (ODOC) योजनाओं के उत्पादों एवं पारंपरिक व्यंजनों की विशेष प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसके अलावा स्थानीय हस्तशिल्प, हथकरघा, माटीकला, खादी, डेयरी और खाद्य प्रसंस्करण से जुड़े उत्पाद भी प्रदर्शित किए जाएंगे। सहकारिता आंदोलन और सरकारी योजनाओं से संबंधित पुस्तकें, पत्रिकाएं एवं साहित्य भी उपलब्ध रहेगा।
किसानों और ग्रामीण उद्यमियों को मिलेगा बाजार
मंत्री जेपीएस. राठौर ने कहा कि एक्सपो के माध्यम से सहकारी संस्थाओं एवं स्थानीय उत्पादकों को सीधे उपभोक्ताओं, व्यापारियों और संभावित खरीदारों से जुड़ने का अवसर मिलेगा। इससे उत्पादों की गुणवत्ता, ब्रांडिंग, पैकेजिंग और विपणन व्यवस्था को प्रोत्साहन मिलेगा। साथ ही सहकारी संस्थाओं के बीच आपसी संवाद, समन्वय, अनुभवों के आदान-प्रदान और व्यावसायिक सहयोग को भी बढ़ावा मिलेगा।
इस आयोजन के माध्यम से किसानों, कारीगरों, महिला उद्यमियों और युवाओं को सहकारिता के जरिए स्वरोजगार एवं उद्यमिता से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। कृषि, डेयरी, मत्स्य पालन, खाद्य प्रसंस्करण और ग्रामीण उद्योगों के विकास में सहकारिता की भूमिका को भी प्रदर्शित किया जाएगा। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और आय संवर्धन के नए अवसर सृजित होंगे।
हर शाम छह बजे होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम
एक्सपो में व्यावसायिक गतिविधियों के साथ प्रदेश की लोककला और सांस्कृतिक विरासत की भी झलक देखने को मिलेगी। इसके तहत प्रतिदिन शाम छह बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें विभिन्न कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। मंत्री जेपीएस. राठौर ने प्रदेश के किसानों, उद्यमियों, सहकारी संस्थाओं, कारीगरों, महिला स्वयं सहायता समूहों, युवाओं और आम नागरिकों से एक्सपो में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह आयोजन स्थानीय उत्पादों को पहचान दिलाने और सहकारी संस्थाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।
Share this content:
