अमेरिका के टेक्सास में भयानक बाढ़ का कहर, 13 की मौत, समर कैंप की 23 लड़कियां लापता
अमेरिका के टेक्सास राज्य के हिल कंट्री इलाके में आई अचानक बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। बीती रात कर्विल और हंट क्षेत्रों में रिकॉर्ड स्तर की बारिश हुई, जिसके कारण ग्वाडालूप नदी उफान पर आ गई। बाढ़ के चलते अब तक कम से कम 13 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि ‘कैंप मिस्टिक’ नामक गर्ल्स समर कैंप की 23 लड़कियां लापता बताई जा रही हैं।
कर्विल काउंटी में महज कुछ घंटों में 10 इंच से अधिक बारिश दर्ज की गई, जिससे नदी का जलस्तर केवल दो घंटे में 22 फीट तक बढ़ गया। नेशनल वेदर सर्विस और स्थानीय प्रशासन ने बताया कि पानी इतनी तेज़ी से चढ़ा कि लोगों को बचाव का मौका तक नहीं मिल पाया।
प्राइवेट क्रिश्चियन गर्ल्स समर कैंप ‘कैंप मिस्टिक’ इस तबाही की सबसे बड़ी चपेट में आ गया है। लेफ्टिनेंट गवर्नर डैन पैट्रिक ने पुष्टि की कि कैंप की 23 लड़कियां लापता हैं और उनकी तलाश जारी है। कैंप की बिजली, इंटरनेट और जल आपूर्ति ठप हो चुकी है, साथ ही वहां तक पहुंचने वाला रास्ता भी बाढ़ में बह गया है।
कैंप प्रशासन की ओर से परिजनों को ईमेल भेजकर बताया गया कि जिन बच्चों की जानकारी मिल चुकी है, उनके परिवारों को सूचित किया जा चुका है। वहीं, पास के अन्य दो कैंप – कैंप वाल्डेमर और कैंप ला जुन्ता – ने पुष्टि की है कि उनके सभी बच्चे और स्टाफ सुरक्षित हैं।
सोशल मीडिया पर लोगों की बेचैनी साफ दिखाई दे रही है। कई लोग फेसबुक और इंस्टाग्राम पर लापता बच्चों और परिजनों की जानकारी मांग रहे हैं। कुछ परिवारों ने तो अपने रिश्तेदारों की तस्वीरें तक पोस्ट की हैं, जिनका अब तक कोई पता नहीं चल सका है।
कर्विल के अलावा नीचे की ओर बहते पानी से केंडल काउंटी में भी खतरा बढ़ गया है। कंफर्ट इलाके में शेरिफ कार्यालय ने बाढ़ की चेतावनी जारी की है और निचले इलाकों में रहने वालों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है।
प्रशासन हेलिकॉप्टर और नावों के ज़रिए फंसे लोगों को निकालने में जुटा है, लेकिन तेज़ धार और टूटे संपर्क के कारण राहत कार्यों में बाधा आ रही है। हालात बेहद चिंताजनक बने हुए हैं और अब भी कई लोग लापता हैं।
Share this content:
