टेस्ट हार के बाद भड़के वेस्टइंडीज कोच डैरेन सैमी, अंपायरों की आलोचना पर लगा जुर्माना

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टेस्ट में शिकस्त झेलने के बाद वेस्टइंडीज के कोच डैरेन सैमी ने मैदान के बाहर जो तेवर दिखाए, वह अब उन पर भारी पड़ गए हैं। आईसीसी ने सैमी पर मैच फीस का 15% जुर्माना लगाया है। ये सजा उन्हें अंपायरों की सार्वजनिक आलोचना के चलते दी गई है, जिसे उन्होंने भी स्वीकार कर लिया है। बता दें कि कोच के रूप में यह डैरेन सैमी का पहला ही टेस्ट मैच था।

पहले टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया ने वेस्टइंडीज को 159 रनों से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई। लेकिन इस मुकाबले में जितनी चर्चा खिलाड़ियों की परफॉर्मेंस की हुई, उससे कहीं ज्यादा सुर्खियां अंपायरिंग को लेकर पैदा हुईं। खासतौर पर टीवी अंपायर एड्रियन होल्डस्टॉक के कुछ फैसलों पर वेस्टइंडीज कैंप ने गहरी नाराजगी जताई। डैरेन सैमी ने DRS के फैसलों में एकरूपता न होने को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने ट्रेविस हेड और शाई हॉप से जुड़ी दो मिलती-जुलती अपीलों का हवाला दिया, जिनमें एक को नॉट आउट और दूसरे को आउट करार दिया गया। इसके अलावा रोस्टन चेज और कैमरून ग्रीन के LBW फैसलों को भी उन्होंने संदिग्ध बताया।

आईसीसी आचार संहिता के उल्लंघन की बात को सैमी ने स्वीकार कर लिया, जिससे उन्हें औपचारिक सुनवाई का सामना नहीं करना पड़ा। कोच के रूप में भले यह उनका पहला मैच था, लेकिन अंपायरिंग पर उनकी तीखी प्रतिक्रिया ने उन्हें नियमों की कीमत भी दिखा दी।

मैच की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 180 रन बनाए, जबकि वेस्टइंडीज ने 190 रन बनाकर 10 रनों की मामूली बढ़त हासिल की। दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों ने वापसी की, खासकर ट्रेविस हेड, ब्यू बेवस्टर और एलेक्स कैरी के अर्धशतकों ने टीम को 310 तक पहुंचाया। लक्ष्य का पीछा करते हुए वेस्टइंडीज की टीम महज 141 रन पर ढेर हो गई और मुकाबला 159 रन से हार गई।

अब वेस्टइंडीज टीम पर सीरीज बचाने का दबाव होगा, वहीं डैरेन सैमी पर संयम बरतने की जिम्मेदारी और भी ज्यादा बढ़ गई है।

Share this content:

About The Author

You may have missed