April 19, 2026

अल्लू अर्जुन और एटली की फिल्म को लेकर बड़ा खुलासा, ‘पुष्पा 2’ से होगा बिल्कुल अलग लुक

जवान जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्म देने के बाद निर्देशक एटली कुमार अब साउथ के सुपरस्टार अल्लू अर्जुन के साथ अपनी नई फिल्म की तैयारियों में जुट गए हैं। पहले इस फिल्म में सलमान खान के होने की बात थी, लेकिन उनके बाहर होने के बाद अब अल्लू अर्जुन को इस प्रोजेक्ट के लिए कास्ट कर लिया गया है। इसी महीने की शुरुआत में इस फिल्म की आधिकारिक घोषणा एक बिहाइंड द सीन वीडियो के ज़रिए की गई थी। अब फिल्म से जुड़ा एक बड़ा अपडेट सामने आया है जो दर्शकों में उत्सुकता बढ़ा रहा है।

बताया जा रहा है कि यह एक पीरियड ड्रामा फिल्म होगी जिसे बड़े स्केल पर इंटरनेशनल लेवल पर बनाया जा रहा है। डायरेक्टर एटली ने खुद इस बात की पुष्टि की थी कि उन्होंने सन पिक्चर्स और अल्लू अर्जुन के साथ मिलकर इस फिल्म पर काम शुरू कर दिया है। अब मुंबई के महबूब स्टूडियो में अल्लू अर्जुन का लुक टेस्ट और कॉन्सेप्ट फोटोशूट किया गया है। फिल्म के लिए अल्लू अर्जुन को बिल्कुल नए और हटके अवतार में दिखाने की तैयारी है। खास बात ये है कि इस बार उनका लुक ‘पुष्पा 2’ से पूरी तरह अलग होगा और यह एकदम नया रूप दर्शकों को देखने को मिलेगा।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस लुक टेस्ट के दौरान 12 साल के कुछ बच्चों को भी शामिल किया गया, जिससे ये अंदाजा लगाया जा सकता है कि फिल्म की कहानी में बच्चे भी एक अहम भूमिका निभाएंगे। हालांकि अभी तक फिल्म के प्लॉट को लेकर ज्यादा खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन यह साफ है कि यह एक हाई ओक्टेन पीरियड ड्रामा होगी। अगर सब कुछ योजना के अनुसार चलता है, तो जून के अंत तक इस फिल्म की शूटिंग शुरू हो सकती है। फिलहाल मेकर्स ने फिल्म के टाइटल और बाकी स्टारकास्ट के नाम का खुलासा नहीं किया है, लेकिन उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही इन रहस्यों से भी पर्दा उठेगा।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!