May 4, 2026

पत्नी को लेने गया पति को मिली धमकी, कहा – “नीले ड्रम में सौरभ जैसा हाल कर देंगे”, डरकर पहुंचा थाने

अयोध्या जिले के कुमारगंज थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति को अपनी पत्नी और उसके परिजनों से जान से मारने की धमकी मिली। पीड़ित हेमराज पासी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि उसकी पत्नी गायत्री देवी ने बेटे के इलाज के नाम पर लिए गए 3 लाख 10 हजार रुपये का कर्ज हड़प लिया और अब उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी जा रही है। हेमराज के अनुसार, उसका 11 वर्षीय बेटा रवि दिल की बीमारी से पीड़ित है और इलाज के लिए उसने यह रकम जुटाई थी। लेकिन पत्नी ने न इलाज करवाया और न ही पैसे का कोई हिसाब दिया।

हेमराज ने बताया कि 12 सितंबर 2024 को उसकी पत्नी गायत्री देवी उससे झगड़ा कर दो बच्चों को छोड़कर मायके चली गई थी। बाद में उसने बच्चों को भी पत्नी के पास भेज दिया था। कुछ समय बाद जब उसने बैंक स्टेटमेंट देखा तो पाया कि खाते में एक भी पैसा नहीं बचा है।

मंगलवार को हेमराज अपनी पत्नी और बच्चों को लेने रुदौली कोतवाली क्षेत्र के अयहर गांव गया, जहां पत्नी की चाची और परिजनों ने उसे गाली-गलौज करते हुए धमकी दी। उन्होंने साफ कहा कि वे गायत्री को किसी और के साथ भेज देंगे और अगर हेमराज ने विरोध किया तो उसका भी हाल वही होगा जो कुछ समय पहले सौरभ के साथ हुआ था। धमकी दी गई कि “मुस्कान और साहिल ने जैसे सौरभ को नीले ड्रम में ठिकाने लगाया था, वैसे ही तुम्हारा हाल करेंगे।” यह सुनकर हेमराज डर गया और उल्टे पांव वहां से भागकर कुमारगंज थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हेमराज की सुरक्षा को लेकर जरूरी कदम उठाने की बात कही गई है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!