April 17, 2026

लखनऊ के होटल में उज्बेकिस्तान की महिला का शव बरामद, पुलिस जांच में जुटी

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के विभूतिखंड इलाके में स्थित एक होटल के कमरे में मंगलवार को उज्बेकिस्तान की एक महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया। होटल स्टाफ की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की जांच जारी है।

घटना विजयंत खंड स्थित अतिथि इन होटल की है, जहां दो मार्च को उज्बेकिस्तान की रहने वाली Egamberdieva Zebo Khidirobna (43) एक व्यक्ति के साथ ठहरी थी। इस व्यक्ति की पहचान सतनाम नामक युवक के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सतनाम छह मार्च को होटल से चला गया था, जिसके बाद महिला अकेली रह रही थी।

कैसे सामने आया मामला?

सोमवार को होटल स्टाफ ने महिला को पानी और अन्य जरूरी सामान दिया था, लेकिन मंगलवार को जब होटल कर्मचारी उसके कमरे में पहुंचे, तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। बार-बार आवाज लगाने के बावजूद जब दरवाजा नहीं खुला, तो होटल कर्मियों ने मास्टर की से दरवाजा खोला। अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए—कमरे में महिला का शव पड़ा था।

पुलिस ने मौके पर की जांच

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। शुरुआती जांच में पुलिस को किसी तरह की जबरदस्ती या संघर्ष के निशान नहीं मिले हैं, लेकिन महिला की मौत के कारणों को स्पष्ट करने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

परिजनों से संपर्क करने की कोशिश

पुलिस उज्बेकिस्तान स्थित महिला के परिजनों से संपर्क करने की कोशिश कर रही है। साथ ही, होटल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और सतनाम नाम के व्यक्ति की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

फिलहाल, पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई। क्या यह कोई प्राकृतिक मौत थी, आत्महत्या थी, या फिर इसमें किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता है? सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!