राजा रघुवंशी केस में छठी गिरफ्तारी, प्रॉपर्टी ब्रोकर ने सोनम और विशाल को दिलवाया था फ्लैट
इंदौर के राजा रघुवंशी हत्याकांड में पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। शिलांग पुलिस ने प्रॉपर्टी ब्रोकर सिलोम जेम्स को गिरफ्तार किया है, जिसने हत्या के आरोपी विशाल को देवास नाका, इंदौर में किराए का फ्लैट दिलवाया था। इसी फ्लैट में तीन दिन तक सोनम भी छिपी रही। ब्रोकर पर साक्ष्य छुपाने और नष्ट करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, सिलोम जेम्स ने फ्लैट के गार्ड के साथ मिलकर उस बैग को गायब किया था, जिसमें पिस्टल, पांच लाख रुपए और राजा के जेवरात थे। सोनम ने इस फ्लैट में रहते हुए अपने फोन और सिम कार्ड नष्ट कर दिए थे ताकि पुलिस उसे ट्रैक न कर सके।
शिलांग पुलिस ने सोनम के घर, उसके भाई गोविंद के ऑफिस और फैक्ट्री पर भी छापेमारी की है और परिवार के सदस्यों से पूछताछ की जा रही है। इस जांच से हत्या का असली मकसद जानने की कोशिश की जा रही है।
राजा-सोनम की शादी के बाद दोनों 21 मई 2025 को इंदौर से मेघालय गए थे। 23 मई को राजा की अकाश राजपूत, विशाल सिंह चौहान और आनंद कुर्मी ने हत्या कर दी थी, जिसमें सोनम और मास्टरमाइंड राज कुशवाह भी शामिल थे। हत्या के बाद सोनम और आरोपी फरार हो गए थे। 2 जून को राजा का शव बरामद हुआ। फिलहाल सभी आरोपियों को 13 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है और जांच जारी है।
Share this content:
