May 6, 2026

ग्वालियर के मेवाती बाबा मंदिर से 60 पीतल के घंटे चोरी, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, गैंग से जांच जारी

मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के बेहट थाना क्षेत्र के अरोरा गांव में स्थित मेवाती बाबा के मंदिर से चोरों ने 60 पीतल के घंटे चोरी कर लिए। चोरी का पता तब चला जब मंदिर के देखरेख करने वाले मोहन सिंह गुर्जर चित्रकूट यात्रा से लौटे। उनके जाने के बाद ग्रामीणों ने मंदिर में घंटों की कमी देखी, जिससे चोरी की आशंका हुई।

बताया जा रहा है कि चोरी गए घंटों में एक 10 किलो का भारी घंटा भी शामिल था, जिस पर मेवाती बाबा खुदा हुआ था। इसके अलावा एक 5 किलो का घंटा था जिस पर चक गुनारा गांव का नाम लिखा था। बाकी घंटे छोटे-छोटे थे, जिनका वजन 250 ग्राम से लेकर एक किलो तक था।

मंदिर के पास भैंस चराने गए ग्रामीणों ने 6 जून को पहली बार घंटों की कमी महसूस की और तुरंत मोहन सिंह को सूचित किया। मोहन सिंह ने मंदिर पहुंचकर देखा कि घंटे गायब थे, जिसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर आरोपियों की खोज शुरू कर दी है।

पुलिस का मानना है कि यह चोरी उसी गैंग का काम है, जिसे हाल ही में उटीला थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया था। इस गैंग के कब्जे से 275 किलो से अधिक वजन के 49 पीतल के घंटे बरामद किए गए थे। यह गैंग खासतौर पर मंदिरों को निशाना बनाता है।

पुलिस अब इस गैंग से पूछताछ कर रही है ताकि मेवाती बाबा मंदिर से चोरी हुए घंटों की बरामदगी हो सके और दोषियों को सजा दिलाई जा सके। मामले की जांच तेज़ी से चल रही है और जल्द ही सफलता मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!