April 20, 2026

बिजनौर: पति की हत्या के आरोप में जेल में बंद शिवानी बेटे से मिलने को तरसी, तबीयत भी बिगड़ी

बिजनौर के नजीबाबाद से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। रेलकर्मी दीपक कुमार की हत्या के आरोप में जेल में बंद उसकी पत्नी शिवानी अब छह माह के बेटे वेदांत से मिलने के लिए तड़प रही है। जेल में उसकी तबीयत लगातार बिगड़ती जा रही है। उसे भरपेट खाना नहीं मिल पा रहा और नींद की कमी के चलते ऑपरेशन के टांकों में दर्द की शिकायत बढ़ गई है। फिलहाल उसे जेल अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।

शिवानी को पति की हत्या का कोई पछतावा नहीं है। जेल अधिकारियों के अनुसार, वह बार-बार रोते हुए अपने बेटे से मिलने की गुहार लगाती है। पूछने पर वह कहती है कि उसका पति अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। एक महीने पहले भी वह मायके चली गई थी, लेकिन दीपक उसे वापस ले आया था।

दीपक की हत्या के बाद ससुराल पक्ष ने शिवानी से पूरी तरह किनारा कर लिया है। वहीं, मायके वालों ने भी उससे दूरी बना ली है। जेल में बंद होने के बाद से उसके माता-पिता या भाई उससे मिलने नहीं आए हैं। हालांकि, मायके पक्ष का एक रिश्तेदार कपड़े लेकर जेल पहुंचा था, जिससे शिवानी ने अपने पिता से मिलवाने की गुहार लगाई।

चार अप्रैल को नजीबाबाद के आदर्शनगर इलाके में दीपक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। शिवानी ने शुरुआत में हार्ट अटैक का बहाना बनाकर दीपक को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटने से मौत की पुष्टि हुई। पुलिस पूछताछ में शिवानी ने हत्या स्वीकार कर ली है।

पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि हत्या के समय शिवानी अकेली थी या किसी और की मदद ली गई थी। प्रेम प्रसंग से लेकर अन्य कोणों पर भी जांच की जा रही है। दीपक की मां पुष्पा और भाई पीयूष के अनुसार, शिवानी का व्यवहार ससुराल वालों के प्रति ठीक नहीं था और वह सास के साथ भी मारपीट करती थी। लगातार विवाद के चलते दीपक उसे लेकर नजीबाबाद शिफ्ट हो गया था और किराए पर अलग रहने लगा था।

शिवानी स्नातक है और आरोप है कि उसने मृतक आश्रित में नौकरी और फंड पाने की चाह में किसी के साथ मिलकर पति की हत्या की। फिलहाल उसका बेटा वेदांत दादी के पास है, जबकि शिवानी जेल में बेटे से मिलने की आस लगाए दिन काट रही है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!