10 मिनट में डिलीवरी करने वाली Zepto लाएगी करीब 4,500 करोड़ रुपये का IPO, अगले हफ्ते फाइलिंग की तैयारी
7 अरब डॉलर वैल्यूएशन वाली क्विक-कॉमर्स कंपनी गोपनीय तरीके से सेबी के पास जमा कर सकती है ड्राफ्ट, अमेजन और स्विगी-जोमैटो से मुकाबले के लिए जुटाएगी फंड
क्विक-कॉमर्स सेक्टर की तेजी से उभरती कंपनी Zepto अब शेयर बाजार में उतरने की तैयारी कर रही है। 10 मिनट में दूध, ब्रेड और ग्रॉसरी डिलीवर करने के लिए मशहूर Zepto अगले हफ्ते करीब 500 मिलियन डॉलर यानी लगभग 4,500 करोड़ रुपये का आईपीओ फाइल कर सकती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी यह फाइलिंग ‘कॉन्फिडेंशियल रूट’ के जरिए सेबी के पास करेगी, जिससे शुरुआती दौर में इसके वित्तीय आंकड़े और आईपीओ की पूरी जानकारी सार्वजनिक नहीं होगी।
सूत्रों के अनुसार, Zepto अपने आईपीओ के लिए बड़े-बड़े निवेश बैंकों के साथ काम कर रही है। इस लिस्ट में एक्सिस बैंक, मोतीलाल ओसवाल, मॉर्गन स्टेनली, HSBC और गोल्डमैन सैक्स जैसे नाम शामिल हैं। हालांकि, आईपीओ का अंतिम साइज और टाइमिंग अभी तय नहीं है और बाजार की स्थितियों के हिसाब से इसमें बदलाव संभव है।
इस आईपीओ में फ्रेश इश्यू के साथ-साथ सेकेंडरी शेयर सेल भी शामिल हो सकती है। यानी कंपनी नए शेयर जारी कर पूंजी जुटाएगी, वहीं कुछ पुराने निवेशक आंशिक एग्जिट लेकर मुनाफा कमा सकते हैं। आईपीओ से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल Zepto अपने नेटवर्क के विस्तार, नए डार्क स्टोर्स (वेयरहाउस) खोलने और डिलीवरी इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने में करेगी।
गौरतलब है कि अक्टूबर 2025 में ही Zepto ने करीब 450 मिलियन डॉलर की फंडिंग जुटाई थी, जिसके बाद कंपनी की वैल्यूएशन लगभग 7 अरब डॉलर आंकी गई थी। बढ़ती मांग और कड़े मुकाबले के बीच Zepto तेजी से अपने ऑपरेशंस स्केल करने पर फोकस कर रही है।
भारत का क्विक-कॉमर्स बाजार इस वक्त जबरदस्त प्रतिस्पर्धा का सामना कर रहा है। Zepto को स्विगी इंस्टामार्ट, जोमैटो के स्वामित्व वाले ब्लिंकिट, टाटा ग्रुप के बिगबास्केट और अमेजन इंडिया जैसी दिग्गज कंपनियों से सीधी टक्कर मिल रही है। ऐसे में IPO के जरिए जुटाई जाने वाली यह बड़ी रकम Zepto को इस रेस में मजबूत बनाए रखने में अहम भूमिका निभा सकती है।
Share this content:
