हर वेतनभोगी कर्मचारी के लिए महीने की वह तारीख खास होती है जब सैलरी अकाउंट में आती है। सैलरी स्लिप में अक्सर PF कटने की रकम दिखाई देती है और हम सोचते हैं कि यह पैसा सुरक्षित भविष्य यानी रिटायरमेंट के लिए जमा हो रहा है। लेकिन कई बार तकनीकी खामियों या कंपनी की लापरवाही के कारण यह पैसा आपके PF अकाउंट में अपडेट नहीं होता। इसलिए यह जानना बेहद जरूरी है कि आपकी सैलरी से कटा पैसा वास्तव में EPFO में जमा हो रहा है या नहीं।
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के नियमों के मुताबिक, किसी भी कर्मचारी की बेसिक सैलरी और डीए का 12 फीसदी PF के लिए काटा जाता है। इतना ही नहीं, कंपनी को भी उतना ही योगदान देना होता है। इसमें से 3.67% राशि EPF में जमा होती है और बाकी 8.33% कर्मचारी पेंशन योजना (EPS) में जाता है। यह राशि रिटायरमेंट के बाद पेंशन और एकमुश्त भुगतान के रूप में आर्थिक सुरक्षा देती है। सरकार इस राशि पर 8.25% वार्षिक ब्याज भी देती है, जो आम बचत योजनाओं से बेहतर है।
EPFO के नियमों के मुताबिक, कंपनी को सैलरी से PF काटने के 15 दिनों के भीतर इसे जमा करना अनिवार्य है। उदाहरण के लिए, अगर सैलरी 1 तारीख को मिली है, तो 15 तारीख तक PF जमा करना कंपनी की जिम्मेदारी है। जमा होने के बाद पासबुक में बैलेंस अपडेट होने में कुछ दिनों का समय लग सकता है। अगर महीने की 20-25 तारीख तक भी अपडेट न हो, तो कर्मचारी सतर्क हो जाए।
PF बैलेंस चेक करने के लिए अब आपको ऑफिस के चक्कर लगाने या HR से पूछने की जरूरत नहीं है। EPFO पोर्टल पर जाकर आप पासबुक सेक्शन में अपना UAN नंबर और पासवर्ड डालकर पूरी जानकारी देख सकते हैं। यहां कंपनी और कर्मचारी के योगदान का पूरा ब्यौरा मिलेगा, जिसे डाउनलोड भी किया जा सकता है।
इसके अलावा, UMANG ऐप मोबाइल से PF बैलेंस चेक करने का सबसे आसान तरीका है। ऐप डाउनलोड कर EPFO सर्विस में लॉगिन करें और पासबुक देखें। ध्यान रहे कि UAN नंबर एक्टिव होना जरूरी है। अगर कोई पुराना खाता बंद हो चुका है, तो उसकी जानकारी ऑनलाइन नहीं दिख सकती।
स्मार्टफोन या इंटरनेट न होने की स्थिति में भी EPFO ने समाधान दिया है। अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से 7738299899 पर सिर्फ मिस कॉल दें। घंटी बजने के बाद कॉल कट जाएगी और कुछ सेकेंड में SMS के जरिए PF बैलेंस की जानकारी मिल जाएगी। इसके अलावा, SMS के जरिए भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है। बस अपने फोन के मैसेज बॉक्स में EPFOHO UAN टाइप करके 7738299899 पर भेज दें।
इस तरह कर्मचारी आसानी से यह सुनिश्चित कर सकते हैं कि उनकी मेहनत की कमाई सही समय पर और सही तरीके से EPFO में जमा हो रही है।
Share this content:
