राष्ट्रीय युवा दिवस पर नवयुग कन्या महाविद्यालय में ‘पंच परिवर्तन में युवाओं की भागीदारी’ विषय पर एबीवीपी का कार्यक्रम आयोजित
राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) द्वारा नवयुग कन्या महाविद्यालय में ‘पंच परिवर्तन में युवाओं की भागीदारी’ विषय पर एक प्रेरणादायी एवं विचारोत्तेजक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर युवाओं में राष्ट्र निर्माण की चेतना जागृत करने के उद्देश्य से भाषण प्रतियोगिता, पोस्टर प्रतियोगिता एवं स्लोगन प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्वामी विवेकानंद जी के विचारों को युवाओं तक पहुँचाते हुए उनके व्यक्तित्व, चरित्र और सामाजिक दायित्व की भावना को सुदृढ़ करना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य प्रवासी के रूप में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, लखनऊ महानगर की मंत्री सरिता पाण्डेय की गरिमामयी उपस्थिति रही। अपने उद्बोधन में उन्होंने स्वामी विवेकानंद जी के विचारों को विस्तार से रखते हुए कहा कि विवेकानंद जी के अनुसार हमारा एक ही सच्चा धर्म है और वह है राष्ट्र धर्म। राष्ट्र का भविष्य केवल योजनाओं, घोषणाओं या भावनात्मक नारों पर निर्भर नहीं करता, बल्कि वह युवाओं के चरित्र, साहस, आत्मविश्वास और संकल्प में निहित होता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे केवल अपने व्यक्तिगत लक्ष्य तक सीमित न रहें, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को भी समझें।
महिलाओं से जुड़े स्वामी विवेकानंद जी के विचारों का उल्लेख करते हुए सरिता पाण्डेय ने कहा कि जब एक बार उनसे महिला सुरक्षा के विषय में प्रश्न किया गया, तो उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा था कि महिलाएँ स्वयं अपनी रक्षा करने में सक्षम हैं। वे काली और दुर्गा का स्वरूप हैं, साथ ही माता स्वरूपा भी हैं। हमें उनकी रक्षा करने का दावा करने के बजाय सबसे पहले उनका सम्मान करना सीखना चाहिए। यह विचार आज के समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान और समानता की भावना को और अधिक मजबूत करता है।
इस अवसर पर अवध प्रान्त खेलो भारत प्रमुख प्रो. सीमा पाण्डेय ने अपने विचार रखते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद केवल एक महान संत ही नहीं थे, बल्कि वे युवाओं के आत्मविश्वास के शिल्पकार भी थे। उन्होंने युवाओं को अपने भीतर छिपी शक्ति को पहचानने और सकारात्मक दिशा में उसका उपयोग करने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम के अंत में लखनऊ महानगर एसएफडी प्रमुख डॉ. स्नेहा चौधरी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। भाषण प्रतियोगिता में मुस्कान मिश्रा ने प्रथम, जीनत ने द्वितीय तथा प्राची तिवारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पोस्टर प्रतियोगिता में आस्था गौतम प्रथम, निकिता सिंह द्वितीय एवं मुस्कान शर्मा तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं स्लोगन प्रतियोगिता में प्राची तिवारी ने प्रथम, जीनत बानो ने द्वितीय तथा आस्था गौतम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम में लखनऊ महानगर छात्रा विस्तारिका अदिति पाल, राजेंद्र नगर के नगर मंत्री दिव्यांशु नागर, सहमंत्री उत्कर्ष सिंह सहित अन्य कार्यकर्ताओं की भी सक्रिय उपस्थिति रही। कार्यक्रम का कुशल एवं प्रभावी संचालन संस्कार शुक्ला द्वारा किया गया, जिससे पूरा आयोजन अनुशासित और सार्थक रूप में संपन्न हुआ।
Share this content:
