30 दिनों में रिकॉर्डतोड़ कमाई के साथ रणवीर सिंह की धुरंधर बनी बॉलीवुड की दूसरी सबसे ज्यादा कमाने वाली फिल्म, 1200 करोड़ क्लब में एंट्री के बेहद करीब
बॉलीवुड बॉक्स ऑफिस पर साल 2026 की शुरुआत रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ के नाम होती नजर आ रही है। रिलीज के एक महीने बाद भी फिल्म की रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही है। जबरदस्त कलेक्शन के दम पर धुरंधर ने शाहरुख खान की मेगाहिट फिल्म ‘जवान’ को पीछे छोड़ते हुए इतिहास रच दिया है। एक वक्त तक बॉलीवुड की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म रही जवान अब तीसरे पायदान पर खिसक गई है, जबकि रणवीर सिंह की धुरंधर ने यह मुकाम अपने नाम कर लिया है।
रणवीर सिंह की इस फिल्म ने 30 दिनों में बॉक्स ऑफिस पर ऐसा दबदबा बनाया है, जो हाल के वर्षों में किसी भी हिंदी फिल्म के लिए आसान नहीं रहा। धुरंधर की खास बात यह रही कि 30 में से 29 दिन फिल्म ने 10 करोड़ रुपये या उससे ज्यादा की कमाई की। केवल एक दिन ऐसा रहा जब कलेक्शन 10 करोड़ से नीचे गया, इसके बावजूद यह भारतीय सिनेमा की पहली हिंदी फिल्म बन गई है जिसने लगातार इतने लंबे समय तक डबल डिजिट कलेक्शन का रिकॉर्ड कायम रखा। रणवीर सिंह की दमदार परफॉर्मेंस के साथ संजय दत्त, अक्षय खन्ना, आर. माधवन और अर्जुन रामपाल जैसे मजबूत कलाकारों की मौजूदगी ने फिल्म को और भी ताकत दी है।
भारत में धुरंधर का कलेक्शन लगातार मजबूत बना हुआ है। सैकनिल्क की रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने रिलीज के 29वें दिन 8.75 करोड़ रुपये की कमाई की, जबकि 30वें दिन यह आंकड़ा बढ़कर 11.75 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। इसके साथ ही फिल्म का 30 दिनों का कुल नेट कलेक्शन भारत में 759.50 करोड़ रुपये हो चुका है। ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि आने वाले वीकेंड तक धुरंधर भारत में 800 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लेगी, जिससे यह ऐसा करने वाली पहली हिंदी फिल्म बन सकती है। इसके अलावा फिल्म की नजरें अल्लू अर्जुन की पुष्पा 2 के हिंदी कलेक्शन रिकॉर्ड पर भी टिकी हुई हैं।
वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर भी धुरंधर का जलवा साफ नजर आ रहा है। 29 दिनों में फिल्म का ओवरसीज कलेक्शन करीब 270 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका था, जबकि ग्लोबल ग्रॉस कलेक्शन 1167.25 करोड़ रुपये रहा। 30वें दिन की भारत की कमाई जोड़ने के बाद फिल्म का कुल वर्ल्डवाइड कलेक्शन 1179 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। अभी 30वें दिन के ओवरसीज आंकड़े सामने नहीं आए हैं, ऐसे में साफ है कि वास्तविक आंकड़ा इससे भी ज्यादा हो सकता है। मौजूदा ट्रेंड को देखते हुए माना जा रहा है कि धुरंधर जल्द ही 1200 करोड़ क्लब में एंट्री कर लेगी।
इसी शानदार प्रदर्शन के साथ रणवीर सिंह की धुरंधर ने शाहरुख खान की जवान को पीछे छोड़ दिया है। जवान का वर्ल्डवाइड कलेक्शन जहां करीब 1160 करोड़ रुपये रहा था, वहीं धुरंधर अब उससे आगे निकल चुकी है। इस कामयाबी ने रणवीर सिंह को एक बार फिर बॉक्स ऑफिस का सबसे बड़ा खिलाड़ी साबित कर दिया है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि धुरंधर आगे और कौन-कौन से रिकॉर्ड तोड़ती है और क्या यह बॉलीवुड की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनने की दौड़ में पहला स्थान हासिल कर पाएगी।
Share this content:
