April 19, 2026

देशभर में गर्मी का प्रकोप, कहीं लू तो कहीं बारिश का अलर्ट

देश के विभिन्न हिस्सों में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। एक ओर जहां उत्तर और पश्चिमी भारत के कई राज्यों में लू और भीषण गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ा रही है, वहीं दूसरी ओर कुछ इलाकों में बारिश और ओलावृष्टि का खतरा मंडरा रहा है। राजस्थान और पंजाब जैसे राज्यों में तापमान ने नए रिकॉर्ड बना दिए हैं। बुधवार को पंजाब का तापमान 43.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से 2.3 डिग्री अधिक है। मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान और गुजरात के कई हिस्सों में अगले तीन दिनों तक लू चलने की संभावना है। गुजरात में गरम हवाएं पहले से ही चल रही हैं और 19 अप्रैल तक राजस्थान में लू की तीव्रता बढ़ सकती है।

इस बीच, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब जैसे मैदानी क्षेत्रों में सूरज की तपिश से लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। लखनऊ में तापमान 40 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है और लू के हालात बने रह सकते हैं। दिल्ली-एनसीआर में भी तापमान ऊंचा बना रहेगा और लू जैसी स्थिति देखने को मिल सकती है। हालांकि, आसमान साफ रहेगा।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने जानकारी दी है कि 16 से 20 अप्रैल के बीच एक तीव्र पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है, जिसकी वजह से उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। 18 और 19 अप्रैल को इसका असर सबसे अधिक रहने की उम्मीद है, जिससे कुछ राहत मिलने की संभावना जताई जा रही है।

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्यों में भी मौसम बिगड़ सकता है। उत्तराखंड के उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की बारिश और गर्जना के साथ बिजली चमकने की आशंका जताई गई है। देहरादून, टिहरी और नैनीताल जैसे जिलों में 18 और 19 अप्रैल को ओलावृष्टि और तेज हवाओं का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। हिमाचल प्रदेश में भी 18 से 21 अप्रैल तक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से भारी बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है।

दक्षिण भारत के तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, रायलसीमा और तेलंगाना में बारिश का सिलसिला जारी है। आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में गरज-चमक के साथ बौछारें दर्ज की गईं। वहीं पूर्वोत्तर के असम और मेघालय में भी मौसम सक्रिय बना हुआ है और लगातार बारिश हो रही है। देश के अलग-अलग हिस्सों में इस विपरीत मौसम ने लोगों की दिनचर्या पर बड़ा असर डाला है और मौसम विभाग की चेतावनियों को देखते हुए सतर्कता बरतने की सलाह दी जा रही है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!