सास और होने वाले दामाद की प्रेम कहानी बनी सोशल मीडिया पर सनसनी, बेटी बोली- मां मर चुकी है
अलीगढ़ के मडराक थाना क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां बेटी की शादी उससे तय युवक के साथ उसकी मां सपना भाग गई। यह मामला तब सामने आया जब 6 अप्रैल को सपना और राहुल अचानक लापता हो गए, जबकि राहुल की शादी सपना की बेटी से तय थी और 16 अप्रैल को बारात आने वाली थी। परिवारवालों ने जब पुलिस को सूचना दी तो जांच में पता चला कि दोनों साथ में घर से गए हैं। मामला सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी यह प्रेम कहानी चर्चा का विषय बन गई। लड़की के परिजनों ने सपना पर जेवर और पैसे लेकर भागने का आरोप लगाया, वहीं बेटी ने साफ कहा कि अब उसकी मां उसके लिए मर चुकी है और वह उससे कोई संबंध नहीं रखना चाहती, बस उनका सामान उन्हें वापस मिल जाए।
इस प्रेम कहानी में नया मोड़ तब आया जब सपना और राहुल खुद थाना दादों पहुंचे। सपना ने बताया कि वह अपने पति से परेशान थी, जो शराब पीकर आए दिन मारपीट करता था। उसने कहा कि राहुल से उसका संबंध धीरे-धीरे बना, जब वह बेटी की शादी के सिलसिले में घर आता-जाता था। पति द्वारा तानों और धमकियों के बाद सपना ने राहुल के साथ रहने का फैसला किया। उसने यह भी कहा कि अब वह थाना मडराक नहीं जाना चाहती, बल्कि दादों पुलिस से मदद की उम्मीद करती है। राहुल ने बताया कि सपना अलीगढ़ से कासगंज आई थी, फिर दोनों बरेली और वहां से बिहार के मुजफ्फरपुर पहुंचे। जब उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही खबरों का पता चला तो वे दिल्ली होते हुए वापस अलीगढ़ आए और थाने पहुंचे।
उधर राहुल के पिता ने सपना पर वशीकरण का आरोप लगाया और दावा किया कि जब वह उनके घर आई थी तो उसने राहुल को दो ताबीज बांधे थे, जिनके बाद उसके व्यवहार में बदलाव आने लगा। उन्होंने कहा कि सपना ने ही बेटे को बहकाया और घर से ले गई। उनका कहना है कि अब वह बेटे को घर में नहीं रखेंगे और उसे संपत्ति से बेदखल कर देंगे, क्योंकि उसने पूरे परिवार की इज्जत मिट्टी में मिला दी है।
महिला के पति ने भी चुप्पी तोड़ते हुए बताया कि पत्नी ने ही राहुल को मोबाइल दिलाया था, जिससे वह उससे घंटों बातें करती थी। शुरुआत में उन्हें शक हुआ, लेकिन उन्होंने नजरअंदाज कर दिया। अब मामला सामने आने पर उन्हें सब कुछ समझ में आ गया है। वहीं राहुल ने ससुर को फोन कर कहा कि उन्होंने 19 साल तक पत्नी का उत्पीड़न किया है और अब वह सपना के साथ अपनी जिंदगी बिताएगा। पुलिस अब इस बेमेल प्रेम कहानी की तह तक जाने और परिवार का सामान वापस दिलवाने की कोशिश कर रही है।
Share this content:
