April 30, 2026

वज्र शक्ति’ 4 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी

अक्षय खन्ना का फिल्मी करियर साल 2025 में शानदार ढंग से आगे बढ़ रहा है। हाल ही में रिलीज़ हुई फिल्म ‘छावा’ में उन्होंने औरंगज़ेब के किरदार में दमदार अभिनय कर दर्शकों का दिल जीत लिया। इस भूमिका ने उन्हें एक बार फिर इंडस्ट्री में चर्चा का केंद्र बना दिया है।

अब एक बार फिर अक्षय खन्ना सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह है उनकी 2021 में रिलीज़ हुई ओटीटी फिल्म ‘स्टेट ऑफ सीज: टेंपल अटैक’, जिसे अब बड़े पर्दे पर नए नाम के साथ रिलीज़ किया जा रहा है। इस फिल्म का नया टाइटल है — ‘अक्षरधाम: ऑपरेशन वज्र शक्ति’, और यह 4 जुलाई 2025 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।

इस फिल्म की कहानी गुजरात के अक्षरधाम मंदिर पर साल 2002 में हुए आतंकी हमले पर आधारित है। फिल्म में इस हमले के बाद चलाए गए एनएसजी ऑपरेशन को थ्रिल और देशभक्ति के साथ दिखाया गया है। फिल्म का निर्देशन केन घोष ने किया है और यह एक बार फिर दर्शकों को असल घटनाओं पर आधारित जबरदस्त थ्रिलर का अनुभव देने जा रही है।

फिल्म में अक्षय खन्ना एक बहादुर और रणनीतिक एनएसजी अधिकारी मेजर हनुत सिंह की भूमिका निभा रहे हैं। उनके साथ गौतम रोडे, विवेक दहिया और अक्षय ओबेरॉय जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नज़र आएंगे, जबकि विलेन के किरदार में अभिलाष चौधरी दिखाई देंगे।

मेकर्स ने फिल्म का पोस्टर भी जारी कर दिया है, जिसमें मंदिर के स्तंभों के पीछे हथियारबंद कमांडोज़ की परछाइयां दिख रही हैं। कैप्शन में लिखा गया है — “अद्वितीय बहादुरी के साथ आतंक का एक कृत्य, साहस, बलिदान और अस्तित्व की कहानी ‘अक्षरधाम ऑपरेशन वज्र शक्ति’ में जीवंत हो जाती है।”

ओटीटी के बाद अब बड़े पर्दे पर इस फिल्म की वापसी दर्शकों के लिए एक नया अनुभव लेकर आ रही है। अक्षय खन्ना का यह नया अवतार और सच्ची घटनाओं पर आधारित यह कहानी निश्चित रूप से बड़े पैमाने पर सराही जाएगी।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!