April 30, 2026

योगा सिखाने वाली अनुष्का शेट्टी ने सिर्फ दो फिल्मों से कमाए 2400 करोड़, आज हैं साउथ की टॉप एक्ट्रेस

मनोरंजन की दुनिया में कई बार ऐसी कहानियां सुनने को मिलती हैं, जब किसी की किस्मत अचानक से पलट जाती है। ऐसा ही कुछ हुआ साउथ की मशहूर एक्ट्रेस अनुष्का शेट्टी के साथ। फिल्मों में आने से पहले अनुष्का एक योगा इंस्ट्रक्टर थीं और अपने जीवन का गुजारा योग सिखाकर किया करती थीं। उन्हें अंदाज़ा भी नहीं था कि एक दिन उन्हें फिल्म इंडस्ट्री से ऐसा ऑफर मिलेगा जो उनकी ज़िंदगी हमेशा के लिए बदल देगा।

अनुष्का की किस्मत उस वक्त बदली जब निर्देशक मेहेर रमेश की नजर उन पर पड़ी। अनुष्का रोज की तरह योगा क्लास ले रही थीं, तभी डायरेक्टर ने उन्हें देखा और पहली ही नजर में उन्हें फिल्मों के लिए उपयुक्त मान लिया। इसके बाद उन्होंने फिल्म निर्माता पुरी जगन्नाध से बात की और अनुष्का को उनकी पहली फिल्म ‘सुपर’ (2005) में मौका मिला। भले ही पहली फिल्म ज्यादा कमाल नहीं कर पाई, लेकिन इसके बाद उन्होंने ‘महानंदी’ जैसी फिल्म में काम किया और धीरे-धीरे फिल्म इंडस्ट्री में पहचान बनानी शुरू की।

उनकी किस्मत का असली ताला तब खुला जब एसएस राजामौली ने उन्हें ‘बाहुबली’ के लिए फोन किया। फिल्म में देवसेना का किरदार निभाने वाली अनुष्का ने न सिर्फ आलोचकों की सराहना पाई बल्कि दर्शकों के दिलों में भी जगह बना ली। इसके बाद वह ‘रुद्रमादेवी’, ‘अरुंधती’ और ‘वेदम’ जैसी फिल्मों में भी नज़र आईं।

अनुष्का शेट्टी की दो सबसे बड़ी फिल्में — ‘बाहुबली: द बिगिनिंग’ और ‘बाहुबली: द कन्क्लूज़न’ — ने मिलाकर बॉक्स ऑफिस पर करीब 2400 करोड़ रुपये की रिकॉर्डतोड़ कमाई की। इन दो फिल्मों ने उन्हें इंडस्ट्री की सबसे अधिक चर्चित और सफल अभिनेत्रियों में शामिल कर दिया। वर्तमान में उनकी कुल संपत्ति लगभग 140 करोड़ रुपये बताई जाती है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!