April 27, 2026

विराट कोहली को देखना मुझे पसंद… शुभमन गिल ने क्यों कही ये बात?

एशिया कप 2025 में टीम इंडिया ने अपने अभियान की शानदार शुरुआत की है। पहले मुकाबले में भारत ने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) को 9 विकेट से मात दी। इस जीत में भारत के टी20 उप-कप्तान शुभमन गिल ने भी तेजतर्रार पारी खेली। गिल ने केवल 9 गेंदों में नाबाद 20 रन बनाए और टीम को जीत की ओर आगे बढ़ाया। मुकाबले के बाद एक इंटरव्यू में गिल ने विराट कोहली को लेकर बड़ी बात कही, जिसने फैंस का ध्यान खींच लिया।

गिल ने विराट कोहली की जमकर तारीफ करते हुए कहा, “मुझे विराट भाई को देखना बहुत पसंद है। जिस तरह से वो खेल के प्रति अप्रोच रखते हैं, उसका कोई जवाब नहीं है। उनका जुनून और क्रिकेट के लिए उनकी असली भूख उन्हें सबसे अलग बनाती है।” गिल ने साफ कहा कि तकनीक और स्किल्स तो सीखी जा सकती हैं, लेकिन भूख और जुनून ऐसी चीजें हैं जो खिलाड़ी के भीतर होनी चाहिए। यही चीज उन्हें विराट कोहली से सबसे ज्यादा प्रेरणा देती है।

जब उनसे पूछा गया कि अब उन्हें अगली पीढ़ी के लिए रोल मॉडल माना जा रहा है और टीम इंडिया में कप्तानी की भूमिका भी निभानी पड़ रही है, तो गिल ने बेहद सादगी से जवाब दिया। उन्होंने कहा, “सच कहूं तो मैं इस तरह से नहीं सोचता। हर किसी की अपनी भूमिका है और मैं अपनी भूमिका पूरी ईमानदारी से निभाना चाहता हूं। मुझे प्रशंसा या पहचान की चाहत नहीं है।” गिल ने यह भी बताया कि वे रोमन दार्शनिक मार्कस ऑरेलियस और उनके स्टोइकिज़्म दर्शन से बेहद प्रभावित हैं।

गिल ने कहा, “मार्कस ऑरेलियस की एक बात ने मुझे बहुत प्रेरित किया – मधुमक्खियां चाहे कुछ भी हो, शहद बनाना जारी रखती हैं। वे प्रशंसा की अपेक्षा नहीं करतीं। मैं भी क्रिकेट को उसी तरह खेलना चाहता हूं, बस ईमानदारी और निष्ठा से अपना काम करता रहूं।” उनकी यह सोच न केवल क्रिकेट फैंस बल्कि युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणादायक है।

एशिया कप में गिल से टीम इंडिया को काफी उम्मीदें हैं। UAE के खिलाफ उनकी नाबाद पारी ने टीम को 93 गेंद शेष रहते बड़ी जीत दिलाई। अब पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले हाई-वोल्टेज मुकाबले में गिल पर नजरें टिकी होंगी। भारतीय फैंस को उम्मीद है कि वह अपने फॉर्म को जारी रखेंगे और टीम को बड़े मैचों में मजबूत शुरुआत दिलाएंगे।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!